उदित राज भाजपा में और कतार में पासवान
दलित नेता उदित राज को पार्टी में शामिल कराने के बाद भाजपा अब लोक जनशक्ति पार्टी [लोजपा] के साथ चल रही बातचीत को मुकाम तक पहुंचाने में जुट गई है। दोनों दलों के नेताओं में औपचारिक बातचीत शुरू भी हो गई है। चुनावी सर्वे में बहुमत से पीछे खड़ी दिख रही भाजपा की कोशिश चुनाव के पहले दलित वोटबैंक को साधने की है।
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। दलित नेता उदित राज को पार्टी में शामिल कराने के बाद भाजपा अब लोक जनशक्ति पार्टी [लोजपा] के साथ चल रही बातचीत को मुकाम तक पहुंचाने में जुट गई है। दोनों दलों के नेताओं में औपचारिक बातचीत शुरू भी हो गई है। चुनावी सर्वे में बहुमत से पीछे खड़ी दिख रही भाजपा की कोशिश चुनाव के पहले दलित वोटबैंक को साधने की है। कुछ सीटों को लेकर सर्वसम्मति बन गई तो गठबंधन की औपचारिक घोषणा हो सकती है।
यूं तो भाजपा या लोजपा का कोई भी नेता बोलने से बच रहा है, लेकिन सूत्रों की मानें तो औपचारिक बातचीत शुरू हो गई है। लोजपा की ओर से पशुपति पारस और रामविलास के बेटे चिराग पासवान बातचीत कर रहे हैं। चिराग पहले ही भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह से मिल चुके हैं। बताते हैं कि सीटों की संख्या और खास सीटों को लेकर बातचीत चल रही है। लोजपा कम से कम नौ सीटें चाहती है, तो भाजपा उन्हें पांच तक रोकने की कोशिशों में जुटी है। भाजपा किसी अपराधी या बाहुबली को न लड़ाने का भी प्रस्ताव रख सकती है। बिहार भाजपा के नेता सुशील मोदी और प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडे भी दिल्ली में हैं। घोषणा जब भी हो, चिराग ने पार्टी के बदले रुख का संकेत दे दिया है। उन्होंने कहा कि गुजरात दंगे के मामले में मोदी को सुप्रीम कोर्ट की एसआइटी ने बरी कर दिया है। ऐसे में हम भी उसे स्वीकार करते हैं।
आम चुनाव से पूर्व दलित समीकरण दुरुस्त करने में जुटी भाजपा
बिहार में लालू से गठबंधन को लेकर दुविधा में कांग्रेस
कांग्रेस को मध्यस्थ बनाकर राजद-एलजेपी में होगी बात
चिराग ने कहा कि गठबंधन का फैसला संसदीय बोर्ड की बैठक में होगा। बोर्ड की बैठक संभवत: मंगलवार को होगी। वैसे लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष खुद चिराग पासवान ही हैं। सोमवार को दलित नेता उदित राज विधिवत भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा मुख्यालय में अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उदित राज को शामिल कराया और आशा जताई कि वह पार्टी के विस्तार में काम करेंगे। माना जा रहा है कि उन्हें किसी सीट से लड़ाया भी जा सकता है। वहीं, उदित राज का कहना था कि देश में दलितों का उत्थान केवल भाजपा ही कर सकती है।
'गुजरात दंगे मे सुप्रीम कोर्ट की एसआइटी ने मोदी को बरी कर दिया है। फिर हमे यह स्वीकार कर लेना चाहिए।'
-चिराग पासवान, लोजपा संसदीय बोर्ड अध्यक्ष
'पासवान की वापसी को लेकर चल रही चर्चा पूरी तरह से अंदाजा लगाने जैसी है। जिस व्यक्ति ने गुजरात दंगों के मुद्दे पर सरकार छोड़ दी उसका यू-टर्न मारना मुश्किल है।'
-मनीष तिवारी, केंद्रीय मंत्री
'पासवान की वापसी से जुड़ी खबर में कोई सत्यता नहीं है। अगर ऐसा कुछ होगा तो उसकी घोषणा कर दी जाएगी। फिलहाल मुझे इस बारे में कुछ भी पता नहीं है।'
-राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष
'पासवान अच्छे इंसान हैं। मुझे नहीं पता कि उन्हें कौन भ्रमित कर रहा है। मैं उनसे अपील करता हूं कि वह सांप्रदायिक ताकतों से हाथ न मिलाएं।'
-लालू प्रसाद यादव, राजद अध्यक्ष