विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाक ने उड़ी में भी की फायरिंग, पर भारतीय सेना ने भी दिया जवाब

By Edited By:
Published: Wed, 07 Aug 2013 01:25 PM (IST)Updated: Wed, 07 Aug 2013 10:19 PM (IST)

श्रीनगर [जागरण ब्यूरो]। पुंछ में भारतीय सीमा में घुसकर पांच जवानों को शहीद करने के बाद पाकिस्तानी सेना ने उड़ी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

श्रीनगर [जागरण ब्यूरो]। पुंछ में भारतीय सीमा में घुसकर पांच जवानों को शहीद करने के बाद पाकिस्तानी सेना ने उड़ी सेक्टर में भी मंगलवार रात को भारतीय चौकियों व नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया। भारत ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें पाकिस्तान के दो सैनिकों के जख्मी होने की सूचना है। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के बाद उड़ी, करनाह, टंगडार, केरन, मच्छल, गुरेज और टीटवाल में नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सेना के जवानों और अधिकारियों को पाकिस्तान की किसी भी हरकत का समुचित जवाब देने को कहा गया है।

बुधवार को दिल्ली से जम्मू-कश्मीर पहुंचे थलसेना अध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह ने स्थिति का जायजा लिया और सीमा पर कड़ी चौकसी बरतने के निर्देश दिए। खराब मौसम के कारण वे पुंछ नहीं जा सके और अखनूर स्थित सेना के मुख्यालय में ही अधिकारियों के साथ बैठक की। इससे पहले सुबह जम्मू हवाई अड्डे पर जनरल बिक्रम सिंह ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।

तिरंगे में लिपटे पांचों शहीदों के शव शाम चार बजे इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट से दिल्ली भेज दिए गए। सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों के साथ बैठक के बाद सेनाध्यक्ष ने टेलीफोन से रक्षामंत्री को मौजूदा स्थिति के बारे में अवगत करवाया।

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार दोपहर कमलकोट इलाके में भारतीय ठिकानों पर दो से तीन राउंड फायर किए, जिस पर भारतीय जवानों ने संयम बरता। इसके बाद रात को पौने बारह बजे पाकिस्तान ने एक बार फिर कमलकोट और उससे लगे इलाकों में कमान पोस्ट और अन्य चौकियों पर गोलीबारी की और मोर्टार दागे। अंतत: भारतीय जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिससे दो पाकिस्तानी सैनिक बुरी तरह घायल हो गए। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के दो पाक सैनिक मारे गए हैं, लेकिन पाकिस्तान ने दो जवानों के जख्मी होने की पुष्टि की। साथ ही आरोप लगाया है कि गोलीबारी की शुरुआत भारतीय जवानों ने की है।

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता नरेश विज ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने उड़ी में बिना किसी उकसावे के फायरिंग की थी। हमारे जवानों ने सयंम बरतते हुए बस जवाबी कार्रवाई की है। गौरतलब है कि बीते सप्ताह कमलकोट इलाके में ही पाकिस्तानी सेना की एक टुकड़ी को भारतीय इलाके में रेकी के लिए भेजा गया था। इस दौरान एक पाकिस्तानी सैनिक मारा गया था, एक अन्य जख्मी हो गया था।

----------------

जागरण ब्यूरो, जम्मू:

शाम करीब सवा छह बजे सेनाध्यक्ष दिल्ली लौट गए। इस दौरे के बाद नियंत्रण रेखा पर सेना के फील्ड कमांडरों को निर्देश दिए गए कि पाकिस्तान की ओर से किसी भी दुस्साहस का कड़ा जवाब दिया जाए।

--------------

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।