विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 04, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गांगुली पर मामला दर्ज, तृणमूल ने मांगा इस्तीफा

By Edited By:
Published: Wed, 04 Dec 2013 08:14 PM (IST)Updated: Wed, 04 Dec 2013 08:16 PM (IST)

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश व पश्चिम बंगाल राज्य मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन जस्टिस अशोक गांगुली के खिलाफ बुधवार हेयर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

कोलकाता, [जासं]। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश व पश्चिम बंगाल राज्य मानवाधिकार आयोग के चेयरमैन जस्टिस अशोक गांगुली के खिलाफ बुधवार हेयर स्ट्रीट थाने में एक संगठन ने आपराधिक प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की नजाकत देखते हुए पुलिस ने शिकायत तो दर्ज कर ली लेकिन वह कुछ भी कहने से बच रही है। सामाजिक संगठन की ओर से दर्ज कराई गई एफआइआर में जस्टिस गांगुली के खिलाफ अहम पद पर रहते हुए छात्रा का यौन उत्पीड़न कर पद की गरिमा को नीचा करने की शिकायत है। इस बीच गांगुली की नियुक्ति करने वाली तृणमूल कांग्रेस ने भी उनसे इस्तीफा देने को कहा है।

सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अशोक गांगुली पर एक इंटर्न महिला अधिवक्ता ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। बुधवार को तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा में संसदीय दल के मुख्य सचेतक व प्रवक्ता डेरेक-ओ-ब्रायन ने कहा कि उनकी पार्टी मानती है कि जस्टिस गांगुली के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप चिंताजनक हैं। इंटर्न ने जो आरोप लगाए हैं, वह पहले के हैं और उनसे पश्चिम बंगाल मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष के तौर पर उनकी वर्तमान भूमिका की जनधारणा पर असर पड़ सकता है। डेरेक ने कहा कि कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की बात हो तो तृणमूल कांग्रेस इससे कोई समझौता नहीं करती है। शीर्ष पदों पर बैठे लोगों को आदर्श भूमिका निभानी चाहिए जिससे न सिर्फ महिला सहयोगियों के साथ आचरण के मानक बरकरार रहें बल्कि भविष्य में अगर उन पर ऐसे आरोप लगें तो वह पूरी संवेदनशीलता और तेजी से उनका जवाब दे सकें। यह जस्टिस गांगुली पर निर्भर करता है कि वह पश्चिम बंगाल मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दें और उस पद की गरिमा बहाल करें जिस पर वह अभी हैं।

पढ़ें : इस्तीफे को लेकर दुविधा में गांगुली

उन्होंने कहा कि यह शालीनता और लोकमर्यादा की भावना की मांग है। इसलिए मैं गांगुली से पश्चिम बंगाल मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का आग्रह करता हूं। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज भी जस्टिस गांगुली से इस्तीफे की मांग कर चुकी हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर