यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 31, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जैश के नाम से आतंकी हमले की धमकी
शामली [जागरण संवाददाता]। अमन के दुश्मनों ने जलालाबाद कस्बे के प्राचीन मिट्ठी कुई शिव मंदिर के मुख्यद्वार पर आतंकी संगठन जैश के नाम से धमकी भरा पत्र और मुर्गे की हड्डियों से भरी पॉलीथिन की थैली टांग कर सनसनी फैला दी। पत्र में स्कूल व पुलिस स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए अजमल कसाब तथा अफजल गुरू के साथ ह

शामली [जागरण संवाददाता]। अमन के दुश्मनों ने जलालाबाद कस्बे के प्राचीन मिट्ठी कुई शिव मंदिर के मुख्यद्वार पर आतंकी संगठन जैश के नाम से धमकी भरा पत्र और मुर्गे की हड्डियों से भरी पॉलीथिन की थैली टांग कर सनसनी फैला दी। पत्र में स्कूल व पुलिस स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए अजमल कसाब तथा अफजल गुरू के साथ हुए अन्याय का बदला लेने की बात कही गई है। जेलो में बंद खूंखार आतंकियों को न छोड़ने पर हमले की चेतावनी भी पत्र में है। एडीएम तथा एसपी ने इसे सिरफिरे की शरारत बताते हुए कहा कि दहशत फैलाने वाला जल्द कानून के शिकंजे में होगा।
गुरुवार तड़के लगभग चार बजे मिट्ठी कुई मंदिर के पुजारी इन्द्रपाल ने मुख्य द्वार पर ताला के पास लटकी लाल रंग की पॉलीथिन खोली तो मुर्गे की हड्डियों के साथ एक पत्र मिला। सूचना पर मंदिर प्रबंधक हरपाल सैनी, अध्यक्ष लाला भूषण लाल गर्ग आदि पहुंच गए। पत्र में आतंकी संगठन जैश के नाम से धमकी देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पैगाम लिखा था कि सहारनपुर में ईद के दिन भी कर्फ्यू में ढील नहीं दी गई। यह मुसलमानों से ज्यादती है। इसका बदला स्कूलों, पुलिस स्टेशनो को बम से उड़ाकर लिया जाएगा।
पत्र में जैश के आतंकियों की देश में घुसपैठ का जिक्र करते हुए जेलों में बंद आतंकियों सहित अजमल कस्साब, अफजल गुरू के साथ हुए कथित अन्याय का भी बदला लेने की धमकी दी गई है। पत्र पर आतंकी संगठन जैश का लोगो भी है।
धमकी भरे पत्र की खबर कस्बे में आग की तरह फैली और मंदिर पर दोनो ही समुदायों के एक हजार से ज्यादा लोग पहुंच गए। भाजपा विधायक सुरेश राणा, नगर पंचायत अध्यक्ष पति अशरफ अली खान, स्वामी विवेकानन्द , एडीएम भगतजी पांडे, एएसपी वीके मिश्र मौके पर पहुंचे और सख्त कार्रवाई का भरोसा भीड़ को दिया।
मंदिर कमेटी की ओर से अज्ञात के खिलाफ फिजा बिगाड़ने व धार्मिक भावनाएं आहत करने की तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी कृष्ण मुरारी दोहरे ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह लखनउ से लगातार अपडेट लेते रहे।
किसने क्या कहा
भाजपा विधायक सुरेश राणा ने कहा कि आंतकवादी संगठन से जुड़े तत्व सहारनपुर घटना से ध्यान हटाने हेतु ऐसे कारनामे कर रहे हैं। जलालाबाद क्षेत्र मे पहले भी आंतकवादी रह चुके हैं। आंतकवादी नेटवर्क का पता लगा कर प्रशासन कसूरवार को सख्त सजा दे। मन्दिरों पर पुलिस गश्त अनिवार्य हो।
ऐसे अधर्मी पर सख्त कार्रवाई हो
नगर पंचायत अध्यक्ष रमा अशरफ ने कहा कि धार्मिक भावनाएं आहत कर अमन-चैन छीनने वाले ऐसे अधर्मी का पता लगा प्रशासन सख्त कार्रवाई करे। सभी हिन्दू-मुस्लिम प्रशासन के साथ हैं।
बख्शा नहीं जाएगा: एडीएम
एडीएम भगतजी पांडे ने कहा कि बहुत कम संख्या वाले सिरफिरे बहुसंख्यक अमन पसंदों का चैन छीन लेते हैं। किसी सूरत में दोषी को बख्शा नहीं जाएगा ।
पुलिस पिकेट तैनात: एएसपी
एएसपी वीके मिश्र ने कहा कि मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रतिदिन शाम पांच बजे से नौ बजे तक मंदिर तिराहे पर पुलिस पिकेट रहेगी। मंदिर के आसपास पुलिस गश्त करती रहेगी।