विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सुनंदा मामले की कोर्ट नियंत्रित एसआइटी जांच चाहते हैं स्वामी

By Sanjeev TiwariEdited By:
Published: Sat, 14 May 2016 06:33 PM (IST)Updated: Sat, 14 May 2016 07:00 PM (IST)

सुनंद पुष्कर मामले में भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट की निगरानी में एसआइटी से कराने की मांग की है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली, प्रेट्र । अपनी पत्नी सुनंदा पुष्कर की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत मामले में कांग्रेस के तेजतर्रार नेता शशि थरूर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट की निगरानी में एसआइटी से कराने की मांग की है। इस बारे में उन्होंने 12 मई को गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगाया है। स्वामी ने गृह मंत्री से पूछा है कि अभी तक पुलिस ने शशि थरूर को कस्टडी में लेकर पूछताछ क्यों नहीं की है? उनका आरोप है कि सुनंदा पुष्कर मौत मामले में दिल्ली पुलिस अपना पैर पीछे खींच रही है।

पढ़ेंः नहीं मिले सबूत, बंद होगी सुनंदा हत्याकांड की फाइल

स्वामी ने इस मामले की जांच में हो रही अनावश्यक देरी पर सवाल उठाया। उन्होंने शिकायती लहजे में राजनाथ सिंह से कहा कि सुनंदा पुष्कर मामले में दिल्ली पुलिस आपराधिक जांच की शुरुआती प्रक्रिया नहीं अख्तियार कर रही है। जबकि यह बात साबित हो चुकी है कि सुनंदा की मौत अस्वाभाविक तरीके से हुई थी। उनके शरीर में जहर पाया गया था। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआइ ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। इसके बावजूद पुलिस हीलाहवाली कर रही है। बकौल स्वामी, 'पिछले वर्ष फरवरी में सुनंदा के विसरा का सैंपल एफबीआइ को भेजा गया था। उसकी रिपोर्ट भी आ गई है।

लेकिन अगस्त, 2015 से लेकर अब तक दिल्ली पुलिस मामले में अपना पैर पीछे खींच रही है। वह थरूर और अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ करने जैसे शुरुआती कदम नहीं उठा रही है।' भाजपा नेता ने राजनाथ सिंह से आग्रह किया, 'मैं मानता हूं कि इस मामले की जांच के लिए एसआइटी का गठन किया जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट या हाई कोर्ट उसकी निगरानी करे।' इससे पूर्व भी सुब्रह्मण्यम स्वामी ने गृह मंत्री को जुलाई, 2014 और दिसंबर, 2014 में पत्र लिखा था। ध्यान रहे कि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर जनवरी, 2014 में राजधानी दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल के अपने कक्ष में मृत मिली थीं। इससे एक दिन पूर्व उनका थरूर से संबंधों को लेकर पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार से ट्विटर पर खूब झगड़ा हुआ था।

पढ़ेंः एम्स मेडिकल बोर्ड पहले ही बता चुका है प्राकृतिक नहीं थी सुनंदा की मौत

स्वामी को तिब्बत आने का न्योता

नई दिल्ली, प्रेट्र : चीन ने राज्यसभा के सदस्य सुब्रह्मण्यम स्वामी को तिब्बत का दौरा करने का न्योता दिया है। उन्हें चीन के विदेश मंत्रालय के संगठन इंस्टीट्यूट ऑफ फारेन अफेयर्स की ओर से बुलाया गया है। यह जानकारी स्वामी के कार्यालय की ओर से दी गई है। इसमें बताया गया है कि तिब्बत के अलावा चीन सरकार मेहमान के तौर पर स्वामी कैलास मानसरोवर भी जाएंगे।