विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 10, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कोलगेट मामला: सीवीसी की निगरानी क्षमता पर सवाल

By Edited By:
Published: Mon, 10 Feb 2014 05:31 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 10 Feb 2014 09:44 PM (GMT+05:30)

केंद्रीय सतर्कता आयोग [सीवीसी] की निगरानी क्षमता पर सवाल उठने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने एजेंसी को कानून के तहत उसे मिले सीबीआइ की निगरानी और जांच की समीक्षा के अधिकारों के मायने पूछे हैं। कोर्ट ने सीवीसी को नोटिस जारी कर इस बारे में 10 मार्च तक जवाब मांगा है।

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। केंद्रीय सतर्कता आयोग [सीवीसी] की निगरानी क्षमता पर सवाल उठने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने एजेंसी को कानून के तहत उसे मिले सीबीआइ की निगरानी और जांच की समीक्षा के अधिकारों के मायने पूछे हैं। कोर्ट ने सीवीसी को नोटिस जारी कर इस बारे में 10 मार्च तक जवाब मांगा है।

शीर्ष अदालत के सामने सोमवार को सीबीआइ जांच की निगरानी का मुद्दा उस समय आया जब कोयला घोटाले में आवंटन रद करने की मांग करने वाले याचिकाकर्ता के वकील प्रशांत भूषण ने कोर्ट से सीबीआइ जांच की निगरानी के लिए एसआइटी गठित करने या कोर्ट द्वारा जांच का सुपरविजन करने की मांग की। इस पर जस्टिस आरएम लोढा की पीठ ने कहा कि सीवीसी कानून और दिल्ली स्पेशल पुलिस इस्टैब्लिशमेंट एक्ट [डीएसपीइ एक्ट] में सीबीआइ की निगरानी और जांच की समीक्षा का अधिकार सीवीसी को दिया गया है और वही निगरानी करेगी।

भूषण की दलील थी कि सीवीसी को सीबीआइ रिपोर्ट जरूर भेजती है, लेकिन वो कभी भी न तो जांच में दखल देती है और न ही कोई सवाल उठाती है। कोर्ट सीवीसी से पूछ ले कि उसे कानून में मिले सीबीआइ की निगरानी और समीक्षा के अधिकार का क्या मतलब है? इससे पहले सीबीआइ की ओर से दलील दी गई थी कि वह हर मामले की जांच रिपोर्ट सीवीसी को भेजती है क्योंकि सीबीआइ की निगरानी सीवीसी के तहत आती है। सीबीआइ ने एसआइटी का विरोध किया। इसके बाद कोर्ट ने सीवीसी को नोटिस जारी कर कानून पर उसका नजरिया पूछा।

इसके अलावा सीबीआइ ने कोर्ट को बताया कि 30 सितंबर तक कोयला घोटाले के सभी मामलों की जांच पूरी कर ली जाएगी। 169 कंपनियों के खिलाफ चल रही प्रारंभिक जांच में से 149 कंपनियों की जांच पूरी हो गई है। कुछ में अंतिम दौर का काम हो रहा है। 6 मामलों में तीन सप्ताह के भीतर अदालत में अंतिम रिपोर्ट दाखिल कर दी जाएगी। सीबीआइ ने बताया कि पीई- 5 की जांच पूरी नहीं हो पा रही है क्योंकि कई राज्य सरकारों ने अपने सार्वजनिक उपक्रमों के खिलाफ जांच शुरू करने के लिए सीबीआइ को मंजूरी नही दी है।

राज्यों के रवैये पर एतराज जताते हुए कोर्ट ने आदेश दिया कि जिन मामलों में सरकारों ने मंजूरी नहीं दी है उनमे स्वयं मंजूरी मान ली जाएगी। इस बीच कोर्ट ने सीबीआइ को पासपोर्ट आदि अर्जियों के निपटारे के लिए अदालत के साथ जांच की सूचना साझा करने की अनुमति दे दी है। मामले में 10 मार्च को फिर सुनवाई होगी।

पढ़ें : कोयला घोटाला : जानकारी साझा करने को सीबीआइ ने दायर की याचिका

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।