यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 27, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोहन भागवत राष्ट्रपति पद के लिए सबसे बेहतर उम्मीदवार- संजय राउत
यदि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है तो भागवत राष्ट्रपति के पद के लिए अच्छी पसंद होंगे। लेकिन उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने का फैसला उद्धवजी द्वारा किया जाएगा।

मुंबई, एएनआई। शिवसेना सांसद संजय राउत ने आज कहा कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत राष्ट्रपति पद के लिए अच्छी पसंद होंगे। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह देश में शीर्षतम पद है। बेदाग छवि वाले किसी व्यक्ति को इस पर आसीन होना चाहिए। हमने सुना है कि राष्ट्रपति पद के लिए भागवत के नाम पर विचार चल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना है तो भागवत राष्ट्रपति के पद के लिए अच्छी पसंद होंगे। लेकिन उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करने का फैसला उद्धवजी द्वारा किया जाएगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या राष्ट्रपति चुनाव के वास्ते रणनीति पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिये जाने वाले भोज में उद्धव ठाकरे पहुंचेंगे तो उन्होंने यह कहते हुए यह सवाल टाल दिया कि मातोश्री में लजीज खाना पकता है।
शिवसेना नेता ने कहा कि पिछले दो राष्ट्रपति चुनाव में बालासाहब धारा के विपरीत गए और उन्होंने वह किया जो राष्ट्रहित में था। उस समय भी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार चुनाव चर्चा के लिए मातोश्री पहुंचे थे। राउत ने कहा कि जो लोग वोट चाहते हैं वे मातोश्री आ सकते हैं। हम चर्चा के लिए तैयार हैं। मातोश्री में लजीज खाना भी पकता है।
