विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शिवानंद बोले..नरेंद्र मोदी देश के बड़े लोकप्रिय नेता

By Edited By:
Published: Mon, 29 Jul 2013 08:56 AM (IST)Updated: Mon, 29 Jul 2013 03:49 PM (IST)

जदयू के वरिष्ठ नेता व सांसद शिवानंद तिवारी के आधे-अधूरे बयान को लेकर रविवार को बवाल मचा रहा। टीवी चैनलों ...और पढ़ें

News Article Hero Image

पटना [जागरण ब्यूरो]। जदयू के वरिष्ठ नेता व सांसद शिवानंद तिवारी के आधे-अधूरे बयान को लेकर रविवार को बवाल मचा रहा। टीवी चैनलों पर उन्हें यह कहते दिखाया गया कि '..नरेंद्र मोदी एक लोकप्रिय नेता हैं।' राजद-भाजपा ने इसे बाकायदा मुद्दा बना लिया और जदयू के खिलाफ नया मोर्चा खोल दिया। बात से बात को जोड़कर बात बहुत आगे निकल गई। खुद जदयू के कई नेताओं ने तिवारी के इस बयान से अपने को अलग करते हुए इसे उनकी निजी राय करार दिया, लेकिन सच्चाई दूसरी थी।

तिवारी ने पूरे प्रकरण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ उनकी जंग जारी रहेगी। सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ना केवल शरद यादव या नीतीश कुमार का ही काम नहीं, मेरी भी उतनी ही जवाबदेही बनती है।

तिवारी ने कहा कि मैंने तो सीएसडीएस के सर्वे रिपोर्ट के हवाले से यह भी कहा था कि राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी लोकप्रिय हैं। सरकार पर भ्रष्टाचार के इतने आरोप लगने के बावजूद डॉ. मनमोहन सिंह की लोकप्रियता मात्र दो फीसद कम हुई है।

उन्होंने राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से हटाए जाने के संबंध में पूछे जाने पर अपनी कैफियत जावेद अख्तर के इस शेर के जरिए बयां की-'मुझे तो दुश्मन से भी खुद्दारी की उम्मीद रहती है, किसी का भी हो सिर कदमों में सिर अच्छा नहीं लगता/गलत बातों को खामोशी से सुनना, हामी भर देना, बहुत हैं फायदे इसमें, मगर अच्छा नहीं लगता।' उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी कट्टरवाद के प्रतीक हैं, उनके खिलाफ मैं लड़ता रहा हूं। आगे भी इसी प्रतिबद्धता से लड़ता रहूंगा।

दरअसल, तिवारी से यह पूछा गया कि भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. सीपी ठाकुर कह रहे हैं कि नरेंद्र मोदी नालंदा से चुनाव लड़ेंगे, आप क्या कहेंगे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, भाजपा की नजर में..नरेंद्र मोदी बड़े लोकप्रिय नेता हैं। कभी बनारस तो कभी लखनऊ से भी इनके चुनाव लड़ने की बात होती है, लेकिन क्या गुजरात में उनकी उखड़ गई है, जो बाहर कहीं से चुनाव लड़ना चाहते हैं। चैनल पर यही लाइन रह गई..नरेंद्र मोदी बड़े लोकप्रिय नेता हैं और फिर से यहीं से शुरू हुआ बयानबाजी का दौर।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर