यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 19, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नोटबंदी के फैसले पर उद्धव और राज ठाकरे ने भी साधा पीएम मोदी पर निशाना
नोटबंदी के मामले पर केंद्र सरकार में शामिल शिवसेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

मुंबई, पीटीआई। नोटबंदी के फैसले के बाद शिवसेना ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। अपने मुखपत्र सामना में शिवसेना ने कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के उस बयान का समर्थन किया है, जिसमें उन्होंने नोटबंदी के बाद जान गंवाने वाले लोगों की तुलना उड़ी में शहीद हुए जवानों से कर दी थी।
आजाद ने कहा था कि उड़ी हमले में भी इतने लोग शहीद नहीं हुए जितने सरकार के नोटबंदी के फैसले के बाद लोग जान गंवा चुके हैं। इस मामले पर भाजपा आजाद से माफी की मांग कर रही है तो वहीं शिवसेना ने कहा है कि माफी की मांग करने से सच बदल नहीं जाएगा।
सामना में मोदी सरकार पर बड़ा हमला करते हुए शिवसेना ने कहा कि अगर देश में लोगों की महंगाई, रिसेशन और बेरोजगारी से मौत हो जाती है तो भी सरकार यही कहेगी कि वो देशभक्ति के शिकार हैं। सामना में आगे कहा गया है कि वो दिन दूर नहीं जब पूरे देश को ही शहीद का दर्जा दे दिया जाएगा।
नोटबंदी के मामले पर मनसे प्रमुख राज ठाकरे भी शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के सुर में सुर मिलाते दिख रहे हैं। उन्होंने पीएम मोदी पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने काला धन लाने के लिए नोटबंदी का फैसला किया, लेकिन जनार्दन रेड्डी अपनी बेटी की शादी में 500 करोड़ रुपये खर्च कर देते हैं।
राज ठाकरे यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि एक तरफ पीएम मोदी गोवा में भावनात्मक भाषण देते हैं तो वहीं दूसरी तरफ शरद पवार का गुणगान करते हैं। उन्होंने कहा कि बैंकों की लाइन में खड़े अब तक 40 लोगों की मौत हो गई है क्या उनके पास भी कालाधन था।
