मौसम ने ली करवट, दिल्ली में बारिश तो हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज सुबह से ही बारिश हो रही हैं, वहीं पहाड़ो पर हो रही बर्फवारी से तापमान में गिरावट आई है।
नई दिल्ली (जेएनएन)। दिल्ली-एनसीआर में आज तड़के मौसम ने अचानक करवट बदली। आज सुबह से ही हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आ गई जिस कारण ठंड बढ़ गयी है। वहीं देश के पहाड़ी इलाकों में भी भारी बर्फबारी हो रही है। कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से लगातार बर्फबारी हो रही। कई इलाकों मे बारिश भी हुई। लगातार हो रही बर्फबारी से वादी के अधिकांश इलाकों का एक दूसरे से संपर्क टूट गया है।
Himachal Pradesh: Shimla receives heavy snowfall in the morning, all roads in Shimla, Kufri, Narkanda, Mashobra closed. pic.twitter.com/0k8yOIZ7kg
— ANI (@ANI_news) January 7, 2017
शिमला में भारी हिमपात से कई सड़क मार्ग बंद
शिमला समेत पूरे हिमाचल में शुक्रवार देर रात से हो रही भारी बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिस कारण कई जगहों पर बिजली संकट भी उत्पन्न हो गया है। कई सड़कों को बंद कर दिया है। भारी हिमपात के कारण शिमला, नारकांडा, कुफरी और मशोबरा की सड़के बंद कर दी गयीं है। खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने कुल्लू, लाहौल और चंबा के ऊपरी क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है। प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में लोग घरों में ही कैद हो गए हैं। पारा शून्य से नीचे चला गया है।
(फोटो- एएनआई)
कश्मीर में लगातार हो रही है बर्फबारी
कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बर्फबारी का सिलसिला पिछले चौथे दिन से लगातार जारी रहा जिस कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग और हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। राजौरी में हो रही बर्फबारी से आम जन-जीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक घाटी में बड़े पैमाने पर बर्फबारी या बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है।
(फोटो- एएनआई)
नैनीताल में मौसम की पहली बर्फबारी, केदारनाथ में बर्फबारी कार्य ठप
उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री ने बर्फ की चादर ओढ़ ली। वहीं नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्र चायना पीक, स्नो व्यू में बर्फबारी हुई है जिस कारण बिजली, पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले की ऊंची पहाड़ियों पर भी बर्फबारी की सूचना है। मौसम के मिजाज से पहाड़ से लेकर मैदान तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भारी बर्फबारी की चेतावनी दी है।
(फोटो- जागरण)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।