यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भाजपा में शामिल होने को तैयार वाघेला समेत कांग्रेस के कई विधायक!
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने नेता विपक्ष वाघेला के अपने समर्थक एक दर्जन विधायकों के साथ कांग्रेस ...और पढ़ें

अहमदाबाद, जेएनएन। कांग्रेस के दिग्गज नेता शंकरसिंह वाघेला पांच दिन की विदेश यात्रा पर चले गए हैं लेकिन उनके भाजपा में जाने की अटकलें थम नहीं रही है। वाघेला समर्थक एक दर्जन कांग्रेस विधायक पाला बदलने को तैयार बैठे हैं। वाघेला ने चुनाव प्रचार की कमान थामने से भी मना कर दिया जिससे राजनीतिक चर्चाएं जोर पकड़ रही है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने नेता विपक्ष वाघेला के अपने समर्थक एक दर्जन विधायकों के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल की खबरों के बीच उनसे मुलाकात की। सोलंकी ने कहा कि वाघेला के भाजपा में शामिल होने की अफवाहें तथ्यहीन व निराधार हैं। भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश में ऐसी बातें फैला रही है।
सोलंकी ने कहा उनकी वाघेला व अन्य कई विधायकों से भी बात हुई है, प्रदेश कांग्रेस में सब कुछ ठीक-ठाक है। इसी बीच वाघेला पांच दिन की चीन यात्रा पर चले गए हैं लेकिन चर्चा है कि वाघेला समर्थक कांग्रेस विधायक राघवजी पटेल, महेंद्र सिंह वाघेला, मानसिंह चौहाण, राजेंद्र सिंह परमार, सी के राउल, धर्मेंद्र जाडेजा सहित करीब एक दर्जन विधायक पाला बदलने की तैयारी कर रहे हैं। अटकलें इसलिए भी जोर पकड रही हैं कि कांग्रेस के पूर्व प्रभारी गुरुदास कामत की हाजिरी में वाघेला को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाने केलिए उनके निजी आवास पर हुई करीब 35 विधायकों की बेठक में ये एक दर्जन विधायक भी शामिल थे। हालांकि कांग्रेस आलाकमान ने कामत की छुट्टी कर उनकी जगह राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत को प्रभारी बना दिया लेकिन वाघेला समर्थक अंदरखाने भाजपा से मोल भाव में लगे हैं।
वाघेला आगामी 23 मई को गुजरात लौटेंगे उनकी गैरहाजिरी में ये विधायक क्या कदम उठाते हैं इस पर सबकी नजर है। भाजपा के उपाध्यक्ष आई के जाडेजा ने कहा है कि कांग्रेस विधायक उनकी पार्टी में आते हैं तो उनका स्वागत है जबकि प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी का कहना है कि कांग्रेस को तोडने की जरूरत ही नहीं है कांग्रेस अंदरुनी खींचतान से खुद ही टूट रही है। इससे पहले वाघाणी ने कहा था कि कांग्रेस में सत्ता संघर्ष चरम पर है, पार्टी चुनाव में जीत नहीं सकती लेकिन मुख्यमंत्री पद की दावेदारी हर नेता कर रहा है।
यह भी पढ़ें: वाघेला का भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं से इंकार