विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2012 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दरक रहा हिंदू वोटों का ध्रुवीकरण

By Edited By:
Published: Sat, 14 Apr 2012 09:13 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 14 Apr 2012 11:49 PM (GMT+05:30)

गुजरात दंगों के बाद भाजपा के पक्ष में हुआ हिंदू वोटों का ध्रवीकरण अब अदालती फैसलों के कारण दरकने लगा है। दंगा मामलों में अब तक पटेल समाज के 50 से अधिक लोगों को सजा हो चुकी है।

News Article Hero Image

अहमदाबाद [शत्रुघ्न शर्मा]। गुजरात दंगों के बाद भाजपा के पक्ष में हुआ हिंदू वोटों का ध्रवीकरण अब अदालती फैसलों के कारण दरकने लगा है। दंगा मामलों में अब तक पटेल समाज के 50 से अधिक लोगों को सजा हो चुकी है। माणसा उपचुनाव में भाजपा की हार को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। मोदी अगला चुनाव भी विकास के मुद्दे पर लड़ने वाले हैं, लेकिन उनका जातीय समीकरण गड़बड़ाता नजर आ रहा है। कांग्रेस इस बार दंगा के मुद्दे को ताक पर रखकर खुद को सरकार के भ्रष्टाचार पर केंद्रित कर रखा है।

मोदी को इस बार पटेल समाज की नाराजगी महंगी पड़ सकती है। सरदारपुरा दंगा मामले में 31 व ओड दंगा मामले में पटेल समुदाय के 23 लोगों को सजा सुनाए जाने के बाद से पटेल समाज सकते में है। पिछले दो दिनों से आणंद जिले के ओड में अघोषित क‌र्फ्यू जैसे हालात है। कई घरों में चूल्हे नहीं जले हैं।

गत माह माणसा विधानसभा के उपचुनाव में पटेल समुदाय ने इसी नाराजगी के चलते कांग्रेस का दामन थाम लिया। यह कहना मुश्किल है कि राज्य के एक करोड़ दस लाख लेउवा पटेल तथा पचास लाख से अधिक कडवा पटेलों का सर्वमान्य नेता कौन होगा। पूर्व मुख्यमंत्री केशूभाई पटेल के रहते अब इसके दावेदारों में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पुरुषोत्ताम रूपाला, गुजरात की राजस्व मंत्री आनंदी बेन पटेल, भाजपा अध्यक्ष आर सी फलदू का नाम लिया जाता है। केशूभाई के उत्ताराधिकारी के रूप में गुजरात दंगों के दौरान गृह राज्यमंत्री रहे व महागुजरात जनता पार्टी के अध्यक्ष गोरधन झड़फिया का भी नाम आता है। कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री चिमनभाई पटेल के पुत्र सिद्धार्थ पटेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री नरहरी अमीन सरीखे नेता पटेलों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

कच्छ में अदाणी समूह को सस्ते दर पर आवंटित भूमि के कारण स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष शंकर सिंह वाघेला ने चुनावी अभियान की शुरुआत भी कच्छ से ही की थी। कैग की रिपोर्ट में साढे़ छब्बीस हजार करोड़ की अनियमितता के खिलाफ कांग्रेस हिसाब दो जवाब दो परिवर्तन यात्रा निकाल रही है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।