विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 13, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मध्य प्रदेश के मनावर में बिगड़ा माहौल, तोड़फोड़; आगजनी

By Sachin MishraEdited By:
Published: Wed, 13 Jan 2016 07:55 AM (IST)Updated: Wed, 13 Jan 2016 08:46 AM (IST)

मध्य प्रदेश के मनावर में मंगलवार को विवेकानंद जयंती पर विहिप व बजरंग दल द्वारा निकाली जा रही शौर्य यात्रा ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मनावर (मध्य प्रदेश)। मनावर में मंगलवार को विवेकानंद जयंती पर विहिप व बजरंग दल द्वारा निकाली जा रही शौर्य यात्रा पर पथराव के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। भगदड़ के बाद देखते ही देखते दुकानें बंद होने लगी। उपद्रवियों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 14 दुकानों सहित इंदौर रोड पर खड़ी दो बसों व एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। दो बसों व दो बाइक में तोड़फोड़ भी की गई। स्थिति बेकाबू होते देख प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है। घटना में एक एएसआई व दो अन्य लोगों के घायल होने की सूचना है।

यात्रा के मार्ग को लेकर विवाद की शुरुआत हुई। यात्रा अपने निर्धारित मार्ग जूनी मनावर से नाला प्रांगण होते हुए लैंडीपुरा में प्रवेश कर रही थी तभी कुछ लोगों ने यात्रा का रास्ता रोका तथा आगे नहीं निकलने की बात कही। प्रशासन व संगठन की सहमति के बाद यात्रा का मार्ग परिवर्तित कर क्रांति चौराहे की ओर किया गया। इस बीच, अपरान्ह चार बजे के करीब यात्रा पर पथराव हो गया। इससे नगर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग यहां-वहां भागने लगे। दुकानें बंद होने लगी। इस बीच, कुछ उपद्रवियों ने बस स्टैंड, गांधी चौराहा, सिंघाना रोड, लैंडीपुरा टॉकीज के पीछे की गली आदि जगह करीब 14 दुकानों में आग लगा दी।

दो बाइक में तोड़फोड़ की गई, तो एक बाइक को बीच चौराहे पर आग के हवाले कर दिया गया। नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। प्रशासन जगह-जगह उपद्रवियों को खदेड़ने में लगा रहा। एसडीएम सत्येंद्र सिंह, एसडीओपी धीरज बब्बर, टीआई रणजीत सिंह बघेल, तहसीलदार एसआर कनाशे ने पुलिस बल के साथ नगर का भ्रमण किया। पथराव में बाकानेर चौकी पद पदस्थ एएसआई ज्योति पटेल व दो लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। पूरे नगर की बिजली हुई गुल दुकानों में आग लगने के कारण शाम को बिजली के तारों में फॉल्ट हो गया। इसके चलते पूरे नगर में बिजली गुल हो गई।

उधर, शाम सात बजे तक पुलिस ने हालात नियंत्रण में ले लिए थे। हर चौराहे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। रात आठ बजे के करीब झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, धार व आसपास के थाना क्षेत्रों से पुलिस बल मनावर पहुंच गया था। पुलिस बल तैनात किया है मनावर में एक यात्रा पर पथराव के बाद स्थिति बिगड़ गई थी। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। नियंत्रण किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। क्या नुकसान हुआ है, कितने लोगों को चोट आई है। अभी बता पाना संभव नहीं है।

-रायसिंह नरवरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार

पढ़ेंः मालदा हिंसा: चकाचक हो गया कालियाचक थाना