यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अन्नाद्रमुक से निष्कासित शशिकला नहीं देंगी राज्यसभा से इस्तीफा
एआईएडीएमके की निष्कासित सांसद शशिकला पुष्पा ने राज्यसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है।

चेन्नई, प्रेट्र। अन्नाद्रमुक से निकाली जा चुकीं शशिकला पुष्पा ने राज्यसभा से इस्तीफा देने से इन्कार कर दिया है। शशिकला के दो घरेलू सहायकों ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है।
सिंगापुर से यहां लौटने पर शशिकला ने कहा कि राज्यसभा से उनके इस्तीफे का सवाल ही नहीं उठता है। वह मद्रास हाई कोर्ट में धोखाधड़ी के आरोपों पर अपनी सफाई देंगी। कोर्ट ने शशिकला को सोमवार को अदालत में तलब किया था। अदालत ने उनसे पूछा कि जब वह राज्य में मौजूद ही नहीं थीं तो उन्होंने कैसे 17 अगस्त को अपने वकील को बहस का अधिकार दे दिया।
पुलिस ने दावा किया था कि उन्होंने इस महीने के शुरू में मामला दर्ज होने के बाद से कदम ही नहीं रखा था। गौरतलब है कि 11 अगस्त को दिल्ली हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि यौन उत्पीड़न मामले में तमिलनाडु सरकार शशिकला, उनके पति और बेटे के खिलाफ 22 अगस्त तक कोई कार्रवाई नहीं करे।
