यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सिद्धांत को व्यवहार में उतारें: मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डा. मोहन मधुकर भागवत ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कर्मकांड बेड़ी न बनें। यह तभी संभव है जब सिद्धांत को व्यवहार में उतारा जाए। जो हम मंच से भाषण में कहते हैं वह हमारे व्यवहार में भी रहे।

जागरण ब्यूरो, पटना। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघ चालक डा. मोहन मधुकर भागवत ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कर्मकांड बेड़ी न बनें। यह तभी संभव है जब सिद्धांत को व्यवहार में उतारा जाए। जो हम मंच से भाषण में कहते हैं वह हमारे व्यवहार में भी रहे। वे सोमवार को इंदिरा गांधी तारामंडल सभागार में दधीचि देहदान समिति के तत्वावधान में आयोजित देहदान संकल्प समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहाकि समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार पश्चिम की ओर देखने की प्रवृत्ति भी ठीक नहीं। उन्होंने कहा कि हम आध्यात्मिकता भूले तो नैतिक सरोकार भी समाप्त हो गया। यही नियमबद्ध कल्याणकारी जीवन समाप्त होने का कारण है। फ्रांसीसी लेखक की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उसने लिखा है कि यदि तीनों समस्याओं के निदान का रास्ता कहीं है तो वह भारत में है। हमें वहां जाकर सीखना होगा। भागवत ने कहा कि हमें अपने कल्याण के लिए कहीं बाहर देखने की आवश्यकता नहीं है। कल्याण के लिए हमें अपनी परंपराओं की तरफ ठीक से देखना है और उसे व्यवहार में उतारना है। धर्म के स्वरूप की चर्चा करते हुए भागवत ने कहा कि यह किताबों तक सीमित नहीं, इसे आचरण में होना चाहिए। हम केवल कर्मकांड में आबद्ध होकर रह गये हैं।
उन्होंने कहाकि समृद्धि में भोग को अपनाने व त्याग का भाव छोड़ने की प्रवृत्ति से ही बर्बरता का आचरण सामने आता है। व्यक्ति, समाज व श्रृष्टि सबके कल्याण का आचरण ही धर्म है। जब हम यह भाव भूल गए तब कर्मकांड बंधन हो गया। नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपरा से जुड़ने की सीख दी। उन्होंने समाज की दुर्दशा के लिए नैतिक सरोकारों के विघटन को बड़ी वजह बताया।
मानवीय प्रवृत्तियों में आए बदलावों की तरफ इशारा करते हुए उन्होने कहा कि पशु प्रकृति प्रदत्त गुणों के कारण हिंसक होते हैं। वहीं मानव अपने स्वार्थ में बर्बर हो जाता है। संग्रह की होड़ में वह समाज के प्रति अपने नैतिक सरोकार भूल जाता है। नीतियां अपने स्वार्थ के आधार पर तय की जा रही हैं।
समारोह में पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि हमारी परंपराओं का पालन पश्चिमी देश कर रहे हैं। बिल गेटस समेत तमाम पश्चिमी धनाढयों ने अपनी हजारों करोड़ की संपत्ति मानव कल्याणार्थ दान कर दी है। हम अपनी परंपरा भूल गए हैं। हमें इस तरफ लौटना होगा। वहीं दधीचि देहदान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने देहदान की आवश्यकताओं को रेखांकित किया। देहदान समिति की बिहार इकाई के अध्यक्ष गंगा प्रसाद ने कहा कि हमारे ऊपर नाना जी देशमुख द्वारा शुरू की गयी परंपरा को आगे बढ़ाने की महती जिम्मेदारी है। समारोह में सुशील कुमार मोदी, गंगा प्रसाद, किरण घई, डा. एएच रहमान व आरके सिन्हा समेत पैंसठ लोगों ने देहदान की शपथ ली।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर