राम जेठमलानी लड़ेंगे रामनरेश की जंग
व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले में घिरे मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव एक मुकम्मल कानूनी जंग शुरू करने का इरादा लगभग बना चुके हैं।
आशीष दुबे, नई दिल्ली । व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले में घिरे मध्य प्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव एक मुकम्मल कानूनी जंग शुरू करने का इरादा लगभग बना चुके हैं। छह दिन तक दिल्ली में डेरा डाले रहे यादव यहां बहुत पोशीदा अंदाज में वरिष्ठ अधिवक्ता व सांसद राम जेठमलानी से मिलने पहुंचे, इसके बाद भोपाल लौट गए। खास बात यह है कि लौटने से पहले वे दिल्ली में अपने बेटे की व्यग्रता से प्रतीक्षा करते रहे।
जानकारी के मुताबिक, यादव व जेठमलानी की मुलाकात सोमवार रात होनी थी, जो टल गई। इसके बाद यादव ने मंगलवार सुबह लगभग दस बजे अकबर रोड स्थित जेठमलानी के बंगले का रूख किया। छह दिन में पहली बार मध्य प्रदेश भवन से बाहर निकले यादव के इस 'मूवमेंट' को बेहद गोपनीय रखा गया। कई अफसरों को भी इसकी भनक नहीं लगने दी गई। यादव के साथ सिर्फ सुरक्षाकर्मी थे। जेठमलानी के आवास से यादव लगभग चालीस मिनट बाद लौटे, वहां क्या हुआ, इसका ब्योरा नहीं मिल सका। अलबत्ता इसके बाद उनके स्टाफ ने यादव की भोपाल वापसी का संदेश भिजवा दिया और मध्य प्रदेश भवन में यादव को गार्ड ऑफ ऑनर देने की तैयारी शुरू हो गई। अपरान्ह लगभग डेढ़ बजे यादव यहां से विमानतल की ओर रवाना हो गए।
जानकारों का मानना है कि राज्यपाल व्यापमं मामले में एफआइआर दर्ज होने के बाद पद छोड़ने की बजाय हरसंभव विकल्प आजमा सकते हैं। उन्हें अपने ट्रैक रिकॉर्ड व बेटे के भविष्य की चिंता परेशान किए हुए है। राम जेठमलानी के घर पहुंचना उनके छह दिनी प्रवास का पूरा निचोड़ रहा। अलबत्ता राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मिलने के लिए उन्हें समय नहीं मिला। मुखर्जी मंगलवार सुबह दो दिनी राजस्थान दौरे पर चले गए।
पढ़ें :
तीन दिन से दिल्ली में 'एकांतवास' में राज्यपाल रामनरेश यादव
व्यापमं घोटाला: मध्य प्रदेश के राज्यपाल ने नहीं दिया इस्तीफा