विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 08, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कैब रेप कांड पर राजनाथ संसद में बोले- पुलिस ने की तत्काल कार्रवाई

By Sudhir JhaEdited By:
Published: Mon, 08 Dec 2014 08:15 AM (IST)Updated: Mon, 08 Dec 2014 01:27 PM (IST)

राजधानी दिल्ली के कैब में रेप मामले में आज संसद में बयान देते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के कैब में रेप मामले में आज संसद में बयान देते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलिस ने केस दर्जकर तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने मथुरा से आरोपी को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह के घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है।हम आश्वासन देते हैं कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सरकार हर कदम उठाएगी। इससे पहले घटना को लेकर हो रहे विरोध के बीच गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।

इस दिल्ली में लगातार हो रही रेप की घटनाओं के खिलाफ आप के कार्यकर्ताओं ने आज सुबह गृहमंत्री राजनाथ सिंह के घर के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहां पुलिस और आप के कार्यकर्ताओं के बीच जोर आजमाइश चल रही है। इसके कुछ समय बाद इसी मामले को लेकर एनएसयूआइ के कार्यकर्ताओं ने भी राजनाथ के घर के बाहर प्रदर्शन किया।

इससे पहले रविवार को दिल्ली में बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं पर आम आदमी पार्टी (आप) ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह पर हमला बोला। पार्टी ने कहा है कि गृह मंत्री बताएं कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए पिछले छह माह में क्या कदम उठाए गए हैं। आप ने कहा है कि भाजपा के पास महिलाओं के प्रति होने वाले अपराध को रोकने की कोई नीति नहीं है और इसके नेता केवल बयानबाजी में व्यस्त हैं।

पार्टी के नार्थ एवेन्यू स्थित कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में दिल्ली सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि भाजपा महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध रोकने के लिए गंभीर नहीं है। यदि वह गंभीर होती तो वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद दिल्ली में इस तरह की घटनाएं नहीं होती। उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात को कैब चालक द्वारा युवती से दुष्कर्म के बाद यह सवाल लाजिमी है कि आखिर ऐसी घटनाएं कब रुकेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों को रोकने के लिए आप आंदोलन चलाएगी।

पत्रकार वार्ता में उपस्थित दिल्ली की पूर्व समाज कल्याण मंत्री राखी बिड़ला ने कहा कि जिस वसंत विहार इलाके में 16 दिसंबर, 2012 को सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी, वहीं दो साल बाद उसी तरह की घटना घटी है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच इस बात को ले जाया जाएगा कि भाजपा ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया है। जबकि आप ने कुछ दिन पहले ही अपने स्थापना दिवस पर आयोजित दिल्ली डायलॉग में महिलाओं की समस्याएं उठाई थीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप के आने पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए पार्टी पुख्ता नीति बनाएगी।

पढ़ेंः केजरी को फिर झटका, पूर्व विधायक ने छोड़ी पार्टी