विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 16, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कोई भी भारत को धमका नहीं सकता

By Murari sharanEdited By:
Published: Thu, 16 Oct 2014 04:34 PM (IST)Updated: Thu, 16 Oct 2014 09:17 PM (IST)

भारत द्वारा अरुणाचल में कराए जा रहे सड़क निर्माण पर चीन की तीखी प्रतिक्रिया आने के एक दिन बाद भारत ...और पढ़ें

News Article Hero Image

गुड़गांव। भारत द्वारा अरुणाचल में कराए जा रहे सड़क निर्माण पर चीन की तीखी प्रतिक्रिया आने के एक दिन बाद भारत ने चीन को सख्त संदेश दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'कोई भी भारत को चेतावनी नहीं दे सकता है। भारत दुनिया में मजबूत देश के रूप में उभर चुका है। जहां तक सीमा विवाद का सवाल है तो मैं समझता हूं कि दोनों देशों को साथ बैठकर मामले कर सुलझा सकते हैं।'

गृह मंत्री ने कहा आतंकवाद भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में पैर फैला रहा है। कुख्यात आतंकी संगठन आइएसआइएस [इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया] व अलकायदा जैसे संगठन भारत में भी पैर जमाने की कोशिश कर सकते हैं। उन्हें मुंह तोड़ जवाब देने के लिए एनएसजी [राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड] के जवान पहले से ही तैयार हैं। एनएसजी का एक मात्र उद्देश्य देश के दुश्मनों का नाश करना ही है। पहले जिन आतंकी संगठनों ने देश में पैर जमाने की कोशिश की उनके चक्रव्यूह को जांबाज कमांडो तोड़ चुके हैं। अब तो हमारे जवान और भी दक्ष हो गए हैं।

गृह मंत्री गुरुवार को एनएसजी ट्रेनिंग सेंटर में स्थापना दिवस समारोह में जवानों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एनएसजी के गठन के समय किसी को यह अनुमान भी नहीं था कि दुनिया में आतंक इस तरह से पैर फैला लेगा, लेकिन हालत देख एनएसजी ने इतने अभिमन्यु पैदा कर दिए कि वह किसी भी प्रकार के आतंक से लड़ने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि एनएसजी सम्मान और शांति के साथ काम करती है। सभी देशों से मिलकर आतंकवाद के साथ मिलकर लड़ने की अपेक्षा रखते हैं। इसके लिए माहौल भी बनने लगा है।

उन्होंने कहासशस्त्र बलों की क्षमता को बढ़ाने के लिए हाल ही में सरकार ने उनके महानिदेशकों के वित्तीय अधिकार बढ़ा दिए हैं। जिनमें हथियारों का बजट पांच करोड़ से बढ़ाकर 20 करोड़ कर दिया गया है। इसी प्रकार अन्य मदों में भी बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि एनएसजी में महिला कमांडो की संख्या बढ़ाई जाएगी। महिला कमांडो के हैरतअंगेज कारनामे देख गृहमंत्री ने कहा कि अब महिला कमांडो की संख्या और बढ़ाई जाएगी। एनएसजी के महानिदेशक जेएन चौधरी ने कहा कि हाल ही में देश में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में भी एनएसजी ने अहम भूमिका निभाई थी और देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा की कमान एनएसजी ने बखूबी संभाल रखी है।