यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कर्नाटक में मोदी पर जमकर बरसे राहुल
बेलगाम। शुरुआती चुप्पी के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अब भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर खुलकर हमला बोलने लगे हैं। कर्नाटक के अपने दौरे में उन्होंने नमो और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उनका कहना था कि भाजपा नेता देश भर में घूम-घूम कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने का दंभ भर रहे हैं, लेकिन उन्हें कर्नाटक में अपनी पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री येद्दयुरप्पा द्वारा किया गया भ्रष्टाचार नहीं दिखाई देता।

बेलगाम। शुरुआती चुप्पी के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अब भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर खुलकर हमला बोलने लगे हैं। कर्नाटक के अपने दौरे में उन्होंने नमो और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उनका कहना था कि भाजपा नेता देश भर में घूम-घूम कर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने का दंभ भर रहे हैं, लेकिन उन्हें कर्नाटक में अपनी पार्टी के पूर्व मुख्यमंत्री येद्दयुरप्पा द्वारा किया गया भ्रष्टाचार नहीं दिखाई देता। इस क्रम में राहुल ने भाजपा पर संसद में लंबित छह भ्रष्टाचार विरोधी विधेयकों को पारित होने से रोकने का आरोप लगाया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष शनिवार को बेलगाम में भारत निर्माण रैली को संबोधित करते हुए मोदी और भाजपा पर बेहद आक्रामक दिखे। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में जारी भ्रष्टाचार पर मुख्य विपक्षी दल चुप्पी साधे हुए है। मोदी और भाजपा को वहीं तमाम बुराई और भ्रष्टाचार दिखाई दे रहा है, जहां उनकी सरकारें नहीं हैं। राहुल के अनुसार, 'मोदी को छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और गुजरात में भ्रष्टाचार नहीं दिखता है।'
कांग्रेस नेता ने सवालिया अंदाज में पूछा कि संसद में लंबित भ्रष्टाचार विरोधी छह बिलों को पारित होने से कौन रोक रहा है। फिर खुद ही जवाब दिया कि भाजपा इन बिलों को पारित होने से रोक रही है। उनका कहना था कि संसद में लंबित ये विधेयक आम जनता की मदद के लिए हैं। ये आपको शक्ति देंगी, लेकिन भाजपा इन्हें पारित नहीं होने दे रही है।
पढ़ें : दक्षिण भारत में चुनावी बिगुल फूंकेगी कांग्रेस
येद्दयुरप्पा के बहाने मोदी पर हमलावर राहुल ने कहा कि येद्दयुरप्पा के जमाने में पूरा कर्नाटक दरअसल बेल्लारी के खनन माफियाओं के हवाले था। भ्रष्टाचार के कारण येद्दयुरप्पा को जेल की हवा खानी पड़ी और तत्कालीन राज्य सरकार के 16 मंत्रियों को भ्रष्टाचार के चलते त्यागपत्र देना पड़ा।