यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 18, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ममता ने बंगाल के साथ किया धोखा : राहुल
कांग्रेस के साथ गठबंधन से बनी तृणमूल सरकार ने कांग्रेस ही नहीं बल्कि गत पांच वर्षों में पश्चिम बंगाल के ...और पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, कोलकाता। कांग्रेस के साथ गठबंधन से बनी तृणमूल सरकार ने कांग्रेस ही नहीं बल्कि गत पांच वर्षों में पश्चिम बंगाल के आवाम के साथ भी धोखा किया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ बताने वाली ममता ने सारधा कांड में लिप्त तृणमूल नेताओं पर कार्रवाई करने की बजाय उन्हें बचाने का प्रयास किया।
वहीं काला धन वापसी का राग अलापने वाले नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आने के बाद मौन धारण कर लिया। उन्होंने मेक इन इंडिया के नाम पर छलावा किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के कांदी व जंगीपुर और नदिया में चुनावी जनसभा के दौरान तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे प्रहार करते हुए ये बातें कहीं।
राहुल ने कहा कि एक समय बंगाल दूसरों को रास्ता दिखाता था, लेकिन अब बंगाल पिछड़ गया है। 2011 में कांग्रेस के साथ सरकार बनानी वाली ममता बनर्जी अब अपने हिसाब से सरकार चला रही हैं। ममता ने राज्य में 70 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन चुनाव जीतने के बाद वादों को भूल गई हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि राज्य के किसानों को उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है।
इसके बावजूद ममता सरकार खुद को किसानों की हितैषी बता रही है। राहुल ने फ्लाईओवर हादसे पर भी ममता पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गत सात वर्ष से फ्लाईओवर का कार्य पूरा नहीं हो सका था। उन्होंने सवाल किया कि फ्लाईओवर कार्य में गड़बड़ी मिलने के बाद समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? यदि ममता सरकार पहले ही चेत जाती तो इतने लोगों को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ती।
