यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राहुल ने किया सुनहरे दिन लौटाने का वादा
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सोनभद्र व मीरजापुर की चुनावी सभा में दावा किया कि कांग्रेस के अलावा देश ...और पढ़ें

लखनऊ। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोनभद्र, मीरजापुर व जौनपुर की सभाओं में जनता को विकास के बेहतर सपने दिखाए और मोदी पर निशाना साधा। उन्होंाने कहा कि अमेरिका का राष्ट्रपति यूपी के युवकों की शक्ति को पहचानता है और मोदी कहते हैं कि 60 साल से यहां का युवा सो रहा है। गुजरात का चौकीदार महिलाओं की जासूसी बंद करे। उनके पीछे पुलिस को लगाना बंद किया जाए। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह युवकों के लिए कुछ नहीं करते। इसके पहले मायावती ने भी प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया।
राहुल ने सोनभद्र में राबर्ट्सगंज लोकसभा सीट के लिए कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में सभा की। उन्होंने कहा कि भाजपा एक दो उद्योगपतियों का हिंदुस्तान बनाना चाहती है जबकि हम आम आदमी की भागीदारी वाला भारत बनाना चाहते हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री ने वहां पर एक उद्योगपति अडानी को 45 हजार एकड़ जमीन कौड़ियों के भाव में तीन सौ करोड़ रुपये में दे दी। अडानी ने उस जमीन पर बेचकर धन्ना सेठ बन गया।
राहुल ने कहा कि अगर हम मनरेगा के मजदूरों के बीच में 30 हजार करोड़ रुपया बांटते हैं तो बड़ा हल्ला होता है, लेकिन सिर्फ एक आदमी को इतना बड़ा लाभ देने पर कोई कुछ नहीं बोल रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि देश में एक बार फिर से यूपीए की सरकार बनेगी। इस बार हम भोजन का अधिकार दिलाने के साथ ही मुफ्त में स्वास्थ्य व आवास देने के साथ ही बुजुर्ग पेंशन योजना भी शुरू करेंगे। इसके साथ ही महिला आरक्षण बिल भी लाया जाएगा। जिससे कि विधानसभा में भी 33 प्रतिशत महिला विधायक पहुंच सकें।
युवाओं को फिर मिलेगा रोजगार
राहुल ने मीरजापुर में कहा कि हमने बहुत पहले इस क्षेत्र को देखा था तो यह काफी उन्नत था। यहां का कालीन विश्व में काफी विख्यात था, यहां पर चीनी मिल के साथ ही चीनी मिट्टी के बर्तन भी बहुत बनते थे लेकिन सब खत्म हो गया। सपा तथा बसपा की सरकारों ने यहां के बारे में कुछ भी नहीं सोचा।
हमारी सरकार आने के बाद यहां के सुनहरे दिन फिर से लौटेंगे। उन्होंने कहा कि यहां के युवा को फिर से रोजगार के बेहतर साधन मिलेंगे जिससे कि उसे अपना घर छोड़कर बाहर का मुंह न देखना पड़े।
