विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'पांच वर्ष बाद तमाम लोग यहां आते हैं'

By Edited By:
Published: Mon, 05 May 2014 10:41 AM (IST)

News Article Hero Image

गौरीगंज :

रविवार की सुबह नौ बजे हैं। संजय गांधी अतिथि गृह मुंशीगंज में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की चहल-पहल तेज हो चुकी है। लकदक सफेद कुर्ता-पजामा में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी कमरे से बाहर निकलते हैं और मुस्कुराकर लोगों का अभिवादन स्वीकारते हैं। एक बुजुर्ग उनके करीब पहुंचकर अपनी गंभीर बीमारी के ऑपरेशन करवाने की फरियाद करता है। राहुल कहते हैं दादा जी अभी तो अधिसूचना जारी है। चुनाव बाद यूपीए की सरकार बनने पर आप के साथ ही अमेठी के लाखों मरीजों का इलाज करवाया जाएगा। इसी तरह कुछ और लोगों की परेशानियां सुनते हैं। वहां आए लोगों से मिलते-मिलाते सवा 12 बज जाते हैं। अब राहुल का काफिला बाइपास होते हुए भादर के लिए रवाना हो जाता है। जगह-जगह पर लोगों से मिलते हुए राहुल माफीटीकर के भादर रोड स्थित सभास्थल पर करीब 12.35 बजे पहुंचते हैं। राहुल के जयकारों से सभास्थल गूंज उठता है। इतने में राहुल का पूरा काफिला पीछे लौट पड़ा। चारों तरफ सन्नाटा। सभी चकराए, तभी पता चला कि कुछ देर में आगे अब राहुल परमहंस आश्रम में पहुंच चुके हैं और माथा टेककर जीत की दुआ मांगी है। दर्शन के बाद वे पास के ट्रिपल आईटी कॉलेज पहुंचते हैं। वहां बीस मिनट तक छात्रों से बात की।

एक बार फिर राहुल सभास्थल पहुंचे। अब 1 बजकर पांच मिनट हो चुके हैं, यहां कतारबद्ध कांग्रेसी उनका स्वागत फूलमालाओं और जिंदाबाद के नारों से करते हैं। मंच पर पहुंचकर राहुल ने ने मीडिया व जनता से देरी के लिए माफी मांगी। कहते हैं 12 वर्ष की उम्र में अमेठी आए थे तो यहां सड़कें व कल-कारखाने नहीं थे। बदलाव तो खूब आया है। अमेठी से पारिवारिक नाता है। हर पांच वर्ष बाद तमाम नए लोग यहां आते हैं, लेकिन आप उन्हें भगा देते हैं। मेरा चेहरा यहां हमेशा दिखाई देगा। कहाकि 'आओ मिलकर अमेठी को हिंदुस्तान की शान बनाएं'।

स्थानीय मुद्दे उठाते हुए कहते हैं सोनिया जी ने अमेठी व रायबरेली में बिजली के लिए प्रदेश सरकार से बात की थी, लेकिन विपक्षियों ने रोक दिया। भाषण खत्म करने के बाद जनता से मिलते, फूल-मालाएं स्वीकार करते हुए राहुल 1.50 बजे रानीगंज के लिए रवाना हो जाते हैं। मुंशीगंज, पनियार, पावर हाउस, मुसाफिरखाना, वारिशगंज होते हुए 3.30 बजे राहुल का काफिला रानीगंज पहुंचा। यहां पर महापंचायत को संबोधित किया। राहुल यहां खूब बोले। इसके बाद जगदीशपुर होते हुए उनका काफिला जायस में रोड शो के लिए रवाना हो जाता है..।