यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनरेगा बंद कर सकती है भाजपा : राहुल
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि अमेठी से हमारा दिल का रिश्ता है। यहां मैं हमेशा आता रहूंगा। ...और पढ़ें

अमेठी, जागरण संवाददाता। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि अमेठी से हमारा दिल का रिश्ता है। यहां मैं हमेशा आता रहूंगा। भाजपा पर आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद वो मनरेगा बंद कर सकती है। प्रियंका को लेकर किए गए सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि वह मेरी बहन हैं जो भी करेंगी, उसमें मेरा पूरा समर्थन रहेगा। राहुल ने सवाल उठाया कि किसके धन से बड़े-बड़े कटआउट लगे हैं। किसके धन से महंगा चुनाव प्रचार चल रहा।
गुजरात सरकार को आड़े हाथ लेते हुए राहुल ने कहा, 26 हजार करोड़ की बिजली और 15 हजार करोड़ की जमीन नरेंद्र मोदी ने एक उद्योगपति को मुफ्त में दे दी। उसी का धन चुनाव प्रचार में लग रहा है। अमेठी के टीकरमाफी, जगदीशपुर के रानीगंज में राहुल ने विकास कार्यो का जिक्र करते हुए बोला, बाहर से कई लोग आते हैं, चिल्लाते हैं, गाली देते हैं और बातें बनाकर चले जाते हैं। अभी तक कोई चुनाव के बाद लौटकर अमेठी नहीं आया। मेरा रिश्ता राजनैतिक नहीं बल्कि प्यार का है। यदि भाजपा की सरकार में आती है तो वह लोक कल्याण की योजनाएं जैसे खाद्य सुरक्षा और मनरेगा को बंद कर सकती है।
