यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 18, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नहीं रहीं प्रथम महिला शुभ्रा मुखर्जी
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की पत्नी और प्रथम महिला शुभ्रा मुखर्जी का मंगलवार की सुबह यहां के मिलेट्री अस्पताल में निधन ...और पढ़ें

नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की पत्नी और प्रथम महिला शुभ्रा मुखर्जी का मंगलवार की सुबह यहां के मिलेट्री अस्पताल में निधन हो गया। वह गंभीर बीमारी के चलते पिछले 11 दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। रबींद्र संगीत की माहिर गायिका शुभ्रा 74 वर्ष की थीं। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री और मुखर्जी परिवार की मित्र शेख हसीना बुधवार को दिल्ली आकर राष्ट्रपति से मिलकर अपनी शोक संवेदना प्रकट करेंगी।
राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता वेणु राजामनी ने एक बयान में मंगलवार को बताया कि उन्हें गहरे दुख के साथ यह सूचित करना पड़ रहा है कि प्रथम महिला शुभ्रा मुखर्जी का स्वर्गवास हो गया है। देश की प्रथम महिला शुभ्रा मुखर्जी ने मंगलवार की सुबह 10.51 बजे अंतिम सांस ली। उन्हें आर्मी रीसर्च एंड रेफरल अस्पताल में सांस में लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद 7 अगस्त को भर्ती कराया गया था।
लोधी रोड में आज होगा अंतिम संस्कार
राष्ट्रपति भवन के प्रवक्ता ने बताया कि जब से वह अस्पताल में भर्ती थीं तब से उन्हें आइसीयू में ही रखा गया था। वह देश की पहली प्रथम महिला हैं जिनके पति के जीवित रहते उनका निधन हुआ है। शुभ्रा के दो बेटे कांग्रेस सांसद अभिजीत, इंद्रजीत और एक बेटी शर्मिष्ठा हैं। शुभ्रा की पार्थिव देह को 13 ताल कटोरा स्थित उनके सांसद बेटे के सरकारी आवास में रखा गया है। जहां बड़े पैमाने पर गणमान्य लोग उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करने आ रहे हैं। सोनिया गांधी समेत कई बड़े नेताओं ने राष्ट्रपति से अपनी शोक संवेदना प्रकट की। प्रथम महिला का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ बुधवार को दिल्ली के लोधी रोड में किया जाएगा।
पीएम ने प्रकट की शोक संवेदना
देश की प्रथम महिला के निधन की खबर लगते ही उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कैबिनेट मंत्रियों ने अपने शोक संवेदनाएं प्रकट कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा, 'श्रीमती शुभ्रा मुखर्जी के निधन के बारे में सुन कर बहुत दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं राष्ट्रपति जी और उनके परिवार के साथ हैं।'
ममता बनर्जी ने जताया दुख
शुभ्रा मुखर्जी के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी दुख जताया है। मंगलवार को उन्होंने फेसबुक पर एक-एक कर कई शोक संदेश पोस्ट किए। मुख्यमंत्री ने लिखा कि 'मैं सुभ्रा बोउदी (भाभी) को पिछले तीन दशक से जानती हूं। वह विनम्र, साधारण, मिलनसार और समर्पित किस्म की गृहिणी थीं।' इसके बाद वह शुभ्रा मुखर्जी के अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली रवाना हो गईं।
यह भी पढ़ेंः 58 वर्षों के वैवाहिक जीवन में कभी पत्नी से नहीं झगड़े प्रणब दा

प्रख्यात गायिका व अभिनेत्री थीं शुभ्रा
प्रणब मुखर्जी और शुभ्रा का विवाह 13 जुलाई 1957 को हुआ था। वह मूलत: जेस्सोर की रहने वाली थीं, जो अब बांग्लादेश में है। वह मात्र दस साल की उम्र में कोलकाता आकर बस गई थीं। 17 सितंबर, 1940 को जन्मी और स्नातक शुभ्रा कवि रबींद्रनाथ टैगोर की प्रशंसक थीं। वह न सिर्फ रबींद्र संगीत देश-विदेश में गाती थीं बल्कि उन्होंने टैगोर की नृत्य नाटिकाओं में भी भारत समेत यूरोप, एशिया और अफ्रीका में अभिनय किया। उन्होंने 1982 में गीतांजलि ट्रूप बनाया था। उनका आखिरी कार्यक्रम 2013 में हुआ जब उन्होंने नोमो नोमो गीत गाया। शुभ्रा गायन के अलावा एक अच्छी चित्रकार भी थीं। उन्होंने दो किताबें चोखेर ओलेय और चीना अचीनाई चिन लिखी। पहली इंदिरा गांधी पर थी और दूसरी किताब उनकी चीन यात्रा पर आधारित थी।