विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 03, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आजम की गायब भैंस देर से हुईं बरामद, तीन पुलिसवाले लाइन हाजिर

By Edited By:
Published: Mon, 03 Feb 2014 12:52 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 03 Feb 2014 01:20 PM (GMT+05:30)

प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खां के तबेले से रामपुर में शुक्रवार शाम को चोरी सातों भैंसों को पुलिस ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। प्रदेश सरकार के कद्दावर मंत्री आजम खां के तबेले से रामपुर में शुक्रवार शाम को चोरी सातों भैंसों को पुलिस ने कल शाम तबेले में पहुंचाने में सफलता प्राप्त की। बड़ी से बड़ी घटना में सफलता प्राप्त करने में अक्सर ही नाकाम रहने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस ने रामपुर में यह सफलता दो दिन में ही प्राप्त कर ली।

इसके बाद भी पुलिस अधीक्षक साधना गोस्वामी ने रात्रि गश्त में लापरवाही को कारण मानते हुए दरोगा सुनील कुमार, कांस्टेबिल अजय कुमार और विपिन कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। तीनों तबेले से जुड़ी एकता तिराहा चौकी पर तैनात थे। पुलिस के अनुसार दो भैंस भोट थाना क्षेत्र के ग्राम इंड्रा और दो थाना शहजादनगर के चमरौवा क्षेत्र से मिलीं। दो भैंस तबेले के आसपास घूमती मिलीं, जबकि एक भैंस के मंत्री के घर के करीब मुमताज पार्क के पास मिलने की बात कही जा रही है।

उत्तर प्रदेश सरकार के लिए बाघिन से बड़ी भैंस

भैंस चोरी होना बना सिरदर्द

सूबे के कद्दावर मंत्री आजम खां की सात भैंस चोरी होना पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया। जिले भर की पुलिस इसी काम में लगी रही। सैकड़ों पुलिस वाले कड़ाके की ठंड में रातभर जंगलों की खाक छानते रहे। जैसे तैसे भैंसे बरामद हुईं तो अफसरों ने चैन की सांस ली। जिले में पहले भी बड़ी बड़ी वारदातें हुईं। नैनीताल रोड पर बारात लुटी, बिलासपुर में बैंक डकैती हुई, हाइवे पर अस्सी लाख का मैंथा तेल लुटा, लेकिन पुलिस वाले इतने बेचैन कभी नहीं हुए। जैसे ही उन्हे चोरी का पता चला, वे फौरन मौके की ओर दौड़ पड़े। बिना देर किए भैंसों की खोज में जुट गए। जंगलों में भैंसों के पद चिन्हों पर चले। गन्ने का खेत हो या गेहूं का, जिधर से भैंसे गुजरी थीं,उधर से ही अफसर भी गुजरे। घने कोहरे और ओस में उनके कपड़े भी भीग गए। डाग स्क्वायड भी साथ चला। भैंसें कहीं नहीं मिली तो जिले के सभी थानों की पुलिस को भैंसे खोजने का फरमान जारी कर दिया गया। कप्तान के यहां से जारी यह हुक्म जब थानों में पहुंचा तो सारे थानेदार और दरोगा सड़कों पर निकल आए। देर रात तक वाहनों की चेकिंग चलती रही। सभी सिपाही हलके में भैंसों की खोज करते रहे। तमाम तहसीलदार व लेखपाल भी प्रधानों के जरिये भैंसों की खोज में लग गए। पुलिस अधीक्षक साधना गोस्वामी और सीओ भी भैंसे तलाशने में जुटे रहे। पुलिस वालों के साथ ही उनके मुखबिर भी इसी काम में लग गए, लेकिन कल तड़के तक कामयाबी नहीं मिल सकी। पुलिस वालों के हाथ न तो कोई भैंस लग सकी और न ही कोई बदमाश।

कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों के गिरेबान पर डाला हाथ: आजम

चोरी के 24 घंटे बाद अलग अलग क्षेत्रों में लोगों ने पुलिस को भैंसे बरामद होने की सूचना दी। पुलिस खुद कह रही है कि भैंसे इधर उधर घूमती मिलीं। भोट थाने के इंड्रा गांव में दो भैंस बरामद होने की बात कही जा रही है। भैंसों के बारे में पुलिस वालों का कहना है कि शकील अहमद ने सुबह ये भैंसें रास्ते में घूमते हुए देखीं। उसने ग्राम प्रधान को बताया तो उन्होने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद रामपुर शहर से आई पुलिस इन्हे ले गई। भोट के थानाध्यक्ष शैलेंद्र श्रीवास्तव का कहना है कि भैंसों की तलाश में थाने की जिप्सी से पुलिस वाले गश्त कर रहे थे। रास्ते में भैंसें मिल गईं।

डीएम ने घोषित किया था ईनाम

हाईप्रोफाइल चोरी को लेकर जिलाधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह चौहान ने इनाम भी घोषित कर दिया था। उनका कहना है कि अभी भैंसें बरामद हुई हैं, बदमाशों को पकड़वाने वाले को इनाम भी दिया जाएगा।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।