यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 04, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पीएम मोदी ने की सेतुभारतम प्रोजेक्ट की शुरुआत, कहा व्यापक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत
साल 2019 तक सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को रेलवे क्रॉसिंग से मुक्त बनाने के पीएम मोदी ने आज सेतुभारतम परियोजना की ...और पढ़ें

नई दिल्ली। साल 2019 तक सभी राष्ट्रीय राजमार्गों को रेलवे क्रॉसिंग से मुक्त बनाने के लिए पीएम मोदी ने आज सेतुभारतम परियोजना का शुभारंभ किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी भी मौजूद दिखे।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि हमे समस्या को लेकर व्यापक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। हमें समस्या पता है और हम उसमें स्थाई बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले स्थिति के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए और फिर उसके बाद उस दिशा में कदम उठाने चाहिए। पीएम मोदी ने ये भी कहा कि रेलवे सिर्फ वाहवाही से सफलतापूर्व नहीं चल सकती इसलिए हमने रेलवे लाइन को बढ़ाने का निर्णय किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले नई ट्रेनों की घोषणा सिर्फ सांसदों को खुश करने के लिए की जाती थी इसलिए कई प्रोजेक्ट अधुरे पड़े हुए हैं। साल 2016-17 के आम बजट की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस साल के बजट में ग्रामीण सड़कों के लिए बजट में बहुत से संसाधनों की व्यवस्था की गई है और सरकार का इस ओर ध्यान दे रही है।
सरकार ने इस परियोजना के तहत 208 स्थानों की रेल ओवर ब्रिज या अंडरपास निर्माण के लिए पहचान की है। इस परियोजना पर 10,200 करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद है। इसके अलावा पुराने पुलों को हटाने के लिए 1500 नए पुलों का निर्माण करने का भी प्रस्ताव है।
बुनियादी ढांचा पर समीक्षा बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के लिए आज वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। ये परियोजनाएं कोयला, बिजली और सड़क क्षेत्रों से संबंधित हैं। बैठक के दौरान बिजली, कोयला, नई एवं नवीकरणीय उर्जा तथा सड़क मंत्रालयों के सचिव विभिन्न परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति के बारे में बताएंगे।