विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 03, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अप्रैल में वाई फाई से लैस होगा रेलवे स्टेशन

By Edited By:
Published: Thu, 03 Mar 2016 09:14 PM (IST)

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने कहा कि पहाड़ पर ट्रेन चढ़ा

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने कहा कि पहाड़ पर ट्रेन चढ़ाना रेलवे के लिहाज से अधिक फायदे का सौदा नहीं हैं। बावजूद इसके बजट में घोषित रेल लाइनों का सर्वे कराया जाएगा और लाइनें भी बिछेंगी, लेकिन इसके लिए राज्य सरकार का सहयोग जरूरी होगा।

इज्जतनगर रेल मंडल के अंतर्गत अंतिम रेल स्टेशन काठगोदाम, हल्द्वानी एवं लालकुआं का वार्षिक निरीक्षण करने जीएम राजीव मिश्र गुरुवार को सुबह स्पेशल ट्रेन से यहां पहुंचे। काठगोदाम में उन्होंने प्रेसवार्ता में कहा कि अप्रैल से काठगोदाम स्टेशन वाई-फाई सुविधा से लैस हो जाएगा। टनकपुर-बागेश्वर लाइन के सर्वे पर उन्होंने कहा कि भौगोलिक व आर्थिक दृष्टि से यह अधिक फायदे का सौदा नहीं। हालांकि रेल बजट में घोषित नई लाइनों का सर्वे के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। दूसरी ओर उन्होंने काठगोदाम-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन चलाने व काठगोदाम में प्लेटफार्म नंबर दो पर टिनशेड बनाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के उपरांत हल्द्वानी स्टेशन पहुंचे जीएम ने व्यापारियों एवं राजनीतिक दलों के लोगों की मांग को देखते काठगोदाम से बरेली के बीच पैसेंजर ट्रेन चलाने के डीआरएम चंद्रमोहन जिंदल को निर्देशित किया। इस पर डीआरएम ने काठगोदाम में स्पेस कम होने की दिक्कत बताई। निरीक्षण के दौरान गोरखपुर मुख्यालय एवं इज्जतनगर मंडल के अधिकारी मौजूद रहे।

-------------

रेलवे की कैंटीन में पानी ही नहीं

- जीएम ने पकड़ ली मातहतों की कारस्तानी

- नई मशीनें लगा दी, नहीं दी चलाने की जानकारी

हल्द्वानी : वार्षिक निरीक्षण को पहुंचे पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव मिश्र को हल्द्वानी स्टेशन की कैंटीन में पानी ही नहीं मिला। इस पर उन्होंने हैरत जताई कि कैंटीन के एग्रीमेंट में बोतलबंद पानी उपलब्ध कराने की शर्त भी नहीं है। उन्होंने डीआरएम से तत्काल कैंटीन में पानी उपलब्ध कराने को कहा।

हल्द्वानी स्टेशन के बाहर बेतरतीब पार्किंग पर जीएम ने स्टेशन के अलावा मंडलीय अधिकारियों को भी आड़े हाथ लिया। दरअसल टेंपो, कार एवं रिक्शा आदि मुख्य गेट के आगे ही खड़े रहते हैं। करीब तीन माह पहले जीएम आए थे तो उन्होंने पार्किंग निर्धारित स्थल पर ही रखने को कहा था। गुरुवार को वाहन तो पीछे खड़े थे, लेकिन मुख्य गेट के आगे ही वाहनों से गिरे तेल आदि को देख उन्होंने सवाल दाग दिया कि आज तो आपने वाहन हटवा दिए, बाकी दिन क्यों नहीं? इसके बाद उन्होंने मौके पर ही निर्देश दिए कि मुख्य गेट के आगे वीआइपी पार्किंग होती है, इसलिए यहां का शुल्क बढ़ाया जाए।

इससे पूर्व काठगोदाम स्टेशन में एक दिन पूर्व ही पीएनआर चेक करने के लिए लगी दो मशीनें के बावत उन्होंने टैक्नीकल टीम को इसे चलाकर दिखाने को कहा। इस प्रक्रिया को दोहराने में मातहत भी उलझ गए तो उन्होंने कहा ऐसे में आम यात्री कैसे समझेगा कि प्रयोग कैसे करना है। इसके लिए अलग से जानकारी देने वाला बोर्ड लगाएं।

......

गैंगमैनों को ग्रुप अवार्ड, गेटमैन को 2000 नगद

हल्द्वानी : तिकोनिया रेलवे क्रांसिंग पर जीएम ने गेटमैन वीरेंद्र साह से संरक्षा संबंधी प्रश्न पूछे। सभी सवालों का संतोषजनक जवाब देने पर उन्होंने 2000 रुपये नगद इनाम दिया। वहीं इस रूट पर कार्यरत राधेश्याम के नेतृत्व वाली गैंगमैन टीम को कार्यकुशलता पर 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।