राष्ट्रपति और पीएम ने पंडित नेहरू को दी श्रद्धांजलि
देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 51वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने शांति वन स्थित उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और नेहरू को याद किया।
नई दिल्ली। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 51वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने शांति वन स्थित उनकी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विटर पर श्रद्धांजलि अर्पित की और नेहरू को याद किया।
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा कि पंडित जवाहर लाल नेहरू को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि। हम उन्हें एक स्वतंत्रता सेनानी और देश के पहले प्रधानमंत्री के रूप में याद करते हैं।
आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री और बच्चों के प्यारे चाचा नेहरू पंडित जवाहरलाल नेहरू देश को प्रगति के पथ पर ले जाने वाले पथप्रदर्शक थे। 14 नवम्बर 1889 को जन्में पंडित नेहरू ने अपना राजनीतिक जीवन एक स्वाधीनता सेनानी के रूप में शुरू किया था। वह अपनी किशोरावस्था में ही महात्मा गांधी के आंदोलन से जुड़ गए। वह कई बार जेल गए और उन्होंने कई बार स्वाधीनता सेनानियों के लिए कोर्ट में वकालत की।
15 अगस्त 1947 को भारत के आजाद होने तथा भारत-पाकिस्तान त्रासदीपूर्ण बंटवारे के समय उन्होंने देश की बागडोर संभाली और देश को विकास की राह पर ले जाने का कार्य किया। उन्होंने आजादी के बाद देश के विकास के लिए कई पंचवर्षीय योजनाएं आरंभ की और देश को गुलामी के अंधकार से निकाल कर विकास के मार्ग की राह दिखाई।
उन्होंने विश्व को पंचशील का सिद्धान्त दिया। उन्होंने स्वाधीनता संग्राम के दौरान जेल में कई किताबें भी लिखी। इनमें द डिस्कवरी ऑफ इंडिया, ग्लिम्पसेज ऑफ वल्र्ड हिस्ट्री, लैटर्स फ्राम ए फादर टू हिज डॉटर मुख्य हैं। देश के लिए काम करते हुए उन्होंने आज ही के दिन 27 मई 1964 को अपनी जीवन गाथा पूरी की।
यह भी पढ़ें -
नेहरू सरकार की चुप्पी से लुटा आजाद हिंद फौज का खजाना