यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फौजियों का हौसला बढ़ाने सियाचिन जाएंगे मोदी
अरब सागर में तैनात आइएनएस विक्रमादित्य पर जाकर नौसैनिकों की हौसला अफजाई कर चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भारतीय फौजियों का मनोबल बढ़ाने दुनिया के सबसे ऊंचे सैन्य मोर्चे सियाचिन भी जाएंगे। इस महीने प्रस्तावित अपनी लद्दाख यात्रा में वह सियाचिन की कई अग्रिम चौकियों का भी दौरा कर सकते हैं। प्रधानमंत्री को दो जलविद्युत

नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। अरब सागर में तैनात आइएनएस विक्रमादित्य पर जाकर नौसैनिकों की हौसला अफजाई कर चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भारतीय फौजियों का मनोबल बढ़ाने दुनिया के सबसे ऊंचे सैन्य मोर्चे सियाचिन भी जाएंगे। इस महीने प्रस्तावित अपनी लद्दाख यात्रा में वह सियाचिन की कई अग्रिम चौकियों का भी दौरा कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री को दो जलविद्युत परियोजनाओं के उद्घाटन और एक ट्रांसमिशन लाइन के शिलान्यास के लिए जम्मू-कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र का दौरा करना है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक इस दौरे में प्रधानमंत्री सियाचिन समेत अग्रिम सैन्य चौकियों तक भी जा सकते हैं। बीते कुछ समय में पाकिस्तान से लगी नियंत्रण रेखा और चीन से सटी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सरगर्मियां काफी बढ़ी हैं। ऐसे में प्रधानमंत्री यदि सियाचिन की अग्रिम चौकियों पर जाते हैं तो कठिन हालात में वहां पहरा दे रहे सैनिकों का मनोबल बढ़ेगा।
हाल में ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि प्रधानमंत्री अगले एक-दो हफ्ते में कारगिल व लेह के इलाके का दौरा कर लेह-कारगिल ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन करेंगे। पीएम पद संभालने के बाद मोदी का यह दूसरा जम्मू-कश्मीर दौरा होगा। इससे पहले उन्होंने गत 4 जुलाई को जम्मू-कटड़ा रेल लाइन का उद्घाटन किया था। पिछले सप्ताह सेनाध्यक्ष का पद संभालने वाले जनरल दलबीर सिंह सुहाग भी जल्द ही सियाचिन ग्लेशियर पर तैनात जवानों से मिलने जाएंगे।
सियाचिन पर भारत के मुकाबले खुद को कमजोर स्थिति में पाने वाला पाकिस्तान इस ग्लेशियर से सेनाओं को हटाने की वकालत कर रहा है। हालांकि इसके लिए भारत की ओर से वास्तविक जमीनी स्थिति का प्रमाणीकरण कराने के लिए दिया गया प्रस्ताव मानने को तैयार नहीं है।