यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 28, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डेरा प्रमुख को दोषी ठहराने के बाद मची हिंसा को लेकर याचिका दायर
दिल्ली निवासी मोहम्मद शकील ने वकील विजय पंजवानी के माध्यम से याचिका दायर की है।

नई दिल्ली, आइएएनएस। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दुष्कर्म का दोषी ठहराए जाने के बाद हुई हिंसा को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई है। सोमवार को दायर याचिका में केंद्र, हरियाणा और दिल्ली सरकार को हिंसा से निपटने के लिए पारदर्शी तंत्र गठित करने का निर्देश देने की मांग की गई है।
दिल्ली निवासी मोहम्मद शकील ने वकील विजय पंजवानी के माध्यम से याचिका दायर की है। याची ने लोगों की जान-माल की हिफाजत करने में पुलिस को सक्रियता बरतने का आदेश देने की मांग की है। डेरा प्रमुख को दोषी ठहराए जाने के बाद हुई हिंसा संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लंघन है। इससे लोगों का शांति से जीने का अधिकार छिन गया।
याचिका में संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए हाई कोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति का गठन करने की मांग की गई है। डेरा और उसके प्रमुख की संपत्ति, बैंक जमा और नकदी जब्त करने और नुकसान की भरपाई के लिए संपत्ति नीलाम करने की मांग भी की गई है।
