विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कश्मीर के पुंछ और उड़ी में घुसपैठ का प्रयास

By Edited By:
Published: Tue, 23 Jul 2013 09:52 PM (IST)Updated: Tue, 23 Jul 2013 09:54 PM (IST)

श्रीनगर। पाकिस्तान ने घुसपैठ करवाने के लिए सीमा पर फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू संभाग ...और पढ़ें

News Article Hero Image

श्रीनगर। पाकिस्तान ने घुसपैठ करवाने के लिए सीमा पर फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू संभाग के पुंछ जिले और कश्मीर के उड़ी सेक्टर में सीमा पर घुसपैठ करवाने का प्रयास किया। पुंछ के देगवार सेक्टर में पाकिस्तान ने लगातार पांच घंटे गोलीबारी की। उड़ी में भी हुई मुठभेड़ में कई आतंकियों के मारे जाने की आशंका है। अलबत्ता, भारत ने दोनों ही जगह घुसपैठ को नाकाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने सोमवार रात 11 बजे देगवार सेक्टर में गोलीबारी शुरू की। पाक सेना ने एलएमजी और यूएमजी का प्रयोग किया। हर बार की तरह पाक सेना गोलीबारी की आड़ में आतंकियों के दल को भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करवाने का प्रयास कर रही थी। पहले से सतर्क भारतीय सेना ने जवाब में कड़ी कार्रवाई की। इसके बाद सीमा के काफी करीब पहुंच चुका आतंकियों का दल पीछे भाग गया। पाकिस्तान सुबह करीब चार बजे तक गोलीबारी करता रहा।

उधर, उड़ी सेक्टर में भी पाकिस्तान ने घुसपैठ की कोशिश की। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि तड़के करीब चार बजे नियंत्रण रेखा पर गश्त कर रहे जवानों ने हथियारबंद आतंकियों को भारतीय इलाके में आते देखा। जवानों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण के लिए ललकारा। इस पर घुसपैठियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब एक घंटे तक मुठभेड़ के बाद घुसपैठिए वापस भाग निकले। सुबह मुठभेड़स्थल की तलाशी में एक असाल्ट राइफल, चार मैगजीन, 45 कारतूस, एक वायर कटर, तीन जैकेट, चार शॉल, नौ जोड़ी मोजे, दो जोड़ी दस्ताने, तीन मफलर, तीन नी पैड, तीन टोपियां, 15 पेंसिल सेल व कुछ अन्य सामान मिले। मुठभेड़स्थल पर खून के धब्बे भी मिले हैं। दोनों घटनाओं के बाद सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। उल्लेखनीय है कि जुलाई में पाकिस्तान की ओर से पांच बार संघर्ष विराम समझौते का उल्लंघन किया जा चुका है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।