विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाक सेना ने उड़ी में किया सीजफायर का उल्लंघन, महिला जख्मी

By Sachin BajpaiEdited By:
Published: Tue, 15 Aug 2017 10:19 PM (IST)Updated: Wed, 16 Aug 2017 07:42 AM (IST)

यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि बीते इतवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने उड़ी सेक्टर में बाज चौकी के इलाके ...और पढ़ें

पाक सेना ने उड़ी में किया सीजफायर का उल्लंघन, महिला जख्मी
पाक सेना ने उड़ी में किया सीजफायर का उल्लंघन, महिला जख्मी

राज्य ब्यूरो , श्रीनगर।  पाकिस्तानी सेना द्वारा मंगलवार को लगातार तीसरे दिन उत्तरी कश्मीर में एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन कर भारतीय ठिकानों पर गोलाबारी की गई। इसमें एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। भारतीय जवानों ने भी पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया है। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना की एक अग्रिम निगरानी चौकी को क्षति पहुंचने की सूचना है। लेकिन जान-माल का नुकसान होने की  पुष्टि नहीं हुई है।

यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि बीते इतवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने उड़ी सेक्टर में बाज चौकी के इलाके में भारतीय ठिकानों पर गोलाबारी की थी जिसमें तीन सैन्यकर्मी जख्मी हुए थे। उसके बाद सोमवार की सुबह टंगडार (कुपवाड़ा) सेक्टर में चठ खड़ी, सैदपोरा और टाड इलाके में स्थित अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों ने गोलाबारी की थी। लेकिन टंगडार सेक्टर में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ था।

सोमवार की सुबह पांच बजे के बाद से एलओसी पर दोनों तरफ से पूरी तरह खामोशी बनी हुई थी जो आज दोपहर को उड़ी सेक्टर में एलओसी पार से पाकिस्तानी सैनिकों की गोलाबारी के साथ भंग हो गई। पाकिस्तानी सैनिकों ने उड़ी सेक्टर में एलओसी के साथ सटे नांबला और बाज चौकी के इलाके में भारतीय चौकियों व नागरिक बस्तियों को निशाना बनाया।

पाकिस्तानी गोलाबारी में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया और एक महिला जिसका नाम हनीफा बेगम बताया जाता है, गंभीर रुप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया है। घायल महिला की हालत गंभीर बताई जाती है।

रक्षा मत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि शुरु में तो भारतीय जवानों ने संयम बरता। लेकिन जब गोलबारी की तीव्रता बढ़ने लगी तो उन्होंने भी जवाबी गोलाबारी करते हुए पाकिस्तानी सेना के ठिकानों को निशाना बनाना शुरु कर दिया।

जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सैनिकों को पहुंचे नुक्सान के बारे में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कुछ भी कहने से इंकार किया है। लेकिन उड़ी स्थित सूत्रों ने बताया कि जवाबी गोलाबारी में पाकिस्तानी सेना की एक निगरानी चौकी को क्षति पहुंची है। लेकिन पाकिस्तानी सेना को हुए जानी नुकसान की कोई पक्की जानकारी नहीं है।