यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पाकिस्तान ने फिर किया संघर्षविराम का उल्लंघन
पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर छोटे एवं ऑटोमैटिक हथियारों से गोलीबारी करके पिछले चार दिनों में दूसरी बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया। सीमा रेखा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तानी सेना द्वारा बार-बार तोड़े जा रहे संघर्षविराम के प

जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर छोटे एवं ऑटोमैटिक हथियारों से गोलीबारी करके पिछले चार दिनों में दूसरी बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया। सीमा रेखा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तानी सेना द्वारा बार-बार तोड़े जा रहे संघर्षविराम के पीछे आतंकियों की घुसपैठ कराने की मंशा हो सकती है।
एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी फोर्स ने राजौरी जिले की भीम्बर गली में एलओसी के पास भारतीय चौकियों पर सुबह सवा पांच बजे से छोटे और ऑटोमैटिक हथियारों से गोलीबारी शुरू की। उन्होंने बताया कि सीमा रेखा की रक्षा कर रहे सैन्य बलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके कारण दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हुई। एलओसी के इस पार कोई शहीद या घायल नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार का नुकसान हुआ है।
जम्मू-कश्मीर में पिछले चार दिनों में दूसरी बार संघर्षविराम का उल्लंघन हुआ है। इससे पहले पाकिस्तानी सेना ने 25 अप्रैल को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास डोडा बटालियन इलाकों में भारतीय चौकियों पर छोटे हथियारों और मोर्टार से हमला करके सीजफायर का उल्लंघन किया था। भारतीय सेना को आतंकियों के इस ओर घुसपैठ की कोशिश करने की जानकारी मिली थी, और माना जा रहा है कि सीजफायर गोलीबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ को सुनिश्चित करने की एक साजिश थी।