विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाक कैदी सनाउल्लाह की मौत

By Edited By:
Published: Thu, 09 May 2013 08:22 AM (IST)Updated: Thu, 09 May 2013 10:46 PM (IST)

चंडीगढ़ [जागरण न्यूज नेटवर्क]। जम्मू की जेल में साथी कैदी की पिटाई से गंभीर रूप से घायल पाकिस्तानी आतंकी सनाउल्लाह [52] ने गुरुवार सुबह चंडीगढ़ के पीजीआइ अस्पताल में दम तोड़ दिया। बुधवार को उसकी दोनों किडनी फेल होने की खबर आई थी और वह कई दिन से गहन कोमा में था। पीजीआइ के प्रवक्ता के अनुसार मरीज को जब लाया गया था तब वह दिमागी रूप से मृत था और उसकी मौत तमाम अंगों के काम बंद करने की वजह से हुई।

News Article Hero Image

चंडीगढ़ [जागरण न्यूज नेटवर्क]। जम्मू की जेल में साथी कैदी की पिटाई से गंभीर रूप से घायल पाकिस्तानी आतंकी सनाउल्लाह [52] ने गुरुवार सुबह चंडीगढ़ के पीजीआइ अस्पताल में दम तोड़ दिया। बुधवार को उसकी दोनों किडनी फेल होने की खबर आई थी और वह कई दिन से गहन कोमा में था। पीजीआइ के प्रवक्ता के अनुसार मरीज को जब लाया गया था तब वह दिमागी रूप से मृत था और उसकी मौत तमाम अंगों के काम बंद करने की वजह से हुई।

पाकिस्तान के सियालकोट का मूल निवासी सनाउल्लाह जम्मू की कोट भलवाल जेल में उम्र कैद की सजा भुगत रहा था। सन 1999 में उसे गिरफ्तार करके टाडा के तहत दंडित किया गया था। उसे पिछले सप्ताह शुक्रवार को विमान से चंडीगढ़ के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजूकेशन एंड रिसर्च [पीजीआइएमईआर] अस्पताल में लाया गया था। जम्मू जेल में उस पर उम्र कैद की सजा पाए एक भारतीय पूर्व सैनिक विनोद कुमार सिंह ने मामूली विवाद के बाद ईंट से हमला कर दिया था। आरोपी को पुलिस ने जेल के भीतर से ही गिरफ्तार कर लिया था और उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ भी की थी। एक वर्ग ने इसे पाकिस्तानी जेल में बंद भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर हुए हमले की प्रतिक्रिया माना था।

जम्मू जेल में हुए हमले के एक दिन पहले ही सरबजीत की लाहौर के अस्पताल में मौत हो गई थी। चंडीगढ़ के अस्पताल में पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारी कई बार गए थे और उन्होंने इलाज पर संतोष व्यक्त किया था। सनाउल्लाह के परिजन भी बीते मंगलवार को चंडीगढ़ आ गए थे।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सनाउल्लाह के शव का पोस्टमार्टम किया गया और उसे पाकिस्तान उच्चायोग के अधिकारियों की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद पाकिस्तान सरकार के विशेष विमान से शव को चंडीगढ़ से ही सियालकोट के लिए रवाना कर दिया गया। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने साफ कर दिया था कि सनाउल्लाह के शव को पाकिस्तान को सौंपा जाएगा और इस बाबत वहां से आने वाले असैनिक विमान को भारत में आने की अनुमति दी जाएगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।