यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
क्या इस मकसद से पाकिस्तान ने रची है कुलभूषण जाधव को फंसाने की साजिश?
पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने जासूसी का आरोप लगाते हुए जाधव को मौत की सजा सुनाई है। मामला हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अदालत में है।

बर्लिन, एएनआइ। पाकिस्तान स्थित संगठन जिए सिंध मुत्ताहिदा महाज (जेएसएमएम) ने कुलभूषण जाधव मामले को पाकिस्तान की एक साजिश करार दिया है। इस संबंध में उसने हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अदालत (आइसीजे), एमनेस्टी इंटरनेशनल समेत कई मानवाधिकार संगठनों को पत्र लिखा है।
भारतीय परियोजना को विफल करने की है कोशिश
इसमें कहा गया है कि पाकिस्तान द्वारा कुलभूषण जाधव मामले को उठाया जाना अफगानिस्तान और दूसरे मध्य एशियाई देशों में विकसित हो रहे भारतीय परियोजनाओं को विफल करने की कोशिश है।
पत्र में जाधव मामले का उदाहरण पेश करते हुए दक्षिण एशिया में चल रहे राजनीतिक, आर्थिक व सैन्य तनावों की ओर वैश्विक इकाइयों को ध्यान देने की मांग की गई है, जिसे जेएसएमएम रक्तपात, जनसंहार, अन्याय, बर्बरता, फासीवाद, धार्मिक चरमपंथी, आतंकवाद के प्रायोजन के दशकों लंबे इतिहास में एकमात्र जिम्मेदार कारक मानता है।
आरोपों को सही साबित करने के लिए पेश की झूठी कहानी
जेएसएमएम अध्यक्ष शफी मोहम्मद बर्फात ने पत्र में लिखा है कि कुलभूषण जाधव का मामला निर्दोष भारतीय कमांडर को फंसाने का उदाहरण है, जिसके लिए पाकिस्तान ने अपने जासूसी के आरोपों को सही ठहराने के लिए दुनिया के सामने एक झूठी कहानी पेश की है।
चाबहार परियोजना को रोकना भी है मकसद
पत्र में दावा किया गया है कि जाधव मामले के मकसद भारत के चाबहार परियोजना को रोकना था, क्योंकि यह ग्वादर परियोजना और चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर को प्रभावित कर सकता है। ग्वादार-चाबहार प्रतिद्वंद्विता को लेकर पाक मीडिया में बहुत कुछ लिखा और चर्चा किया जा चुका है।
पाक जासूसी की कहानी झूठ के अलावा कुछ भी नहीं
जेएसएमएम अध्यक्ष ने जाधव मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताने के पाक के दावे को भी नकार दिया। कहा कि जाधव को लेकर पाक जासूसी की कहानी एक नापाक साजिश, घटिया रणनीति है। यह एक झूठ के अलावा कुछ भी नहीं है।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने जासूसी का आरोप लगाते हुए जाधव को मौत की सजा सुनाई है। हालांकि मामला हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अदालत में है और जब तक मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो जाती अदालत ने जाधव के मौत की सजा पर रोक लगा दी है। अब अगली सुनवाई का इंतजार है।
यह भी पढ़ें: दया याचिकाओं पर फैसले के बाद ही होगी जाधव को फांसी