यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दूसरे राज्य कर रहे लैपटॉप बांटने की नकल: अखिलेश
लखनऊ, जागरण ब्यूरो। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को यहां कहा कि लैपटॉप वितरण योजना की लोकप्रियता को देखते हुए ...और पढ़ें

लखनऊ, जागरण ब्यूरो। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को यहां कहा कि लैपटॉप वितरण योजना की लोकप्रियता को देखते हुए अब दूसरे राज्यों की सरकारें उसकी नकल कर रही हैं। वह राजधानी में लैपटॉप वितरण के दूसरे चरण का आगाज कर रहे थे। दूसरे चरण में लखनऊ की 16 शिक्षण संस्थाओं के 19,183 विद्यार्थियों को सरकार की ओर से लैपटॉप दिये गए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सबसे पहले आइटी कॉलेज जाकर वहां की 30 छात्राओं को खुद लैपटॉप बांटें। फिर लखनऊ विश्वविद्यालय जाकर 50 और इसके बाद मुमताज पीजी कॉलेज में 15 विद्यार्थियों को स्वयं लैपटॉप की सौगात दी। दूसरे चरण की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी लैपटॉप वितरण योजना को झुनझुना कहने वाले हमारी सरकार के विरोधी अब यह कह रहे हैं कि सपा गोदामों में पड़े हुए लैपटॉप बांट नहीं पा रही है। चुनाव सर पर देख उप्र के बगल के एक राज्य की सरकार को लैपटॉप बांटने की याद आयी है। उसे अहसास है कि साइकिल के बिना आगे नहीं बढ़ा जा सकता, इसलिए वह अब साइकिल भी बांट रही है। उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर और इंटरनेट पहिये के बाद दुनिया का दूसरा सबसे क्रांतिकारी अविष्कार है। लैपटॉप वितरण योजना समाज में व्याप्त डिजिटल असमानता को मिटा देगी। यह विद्यार्थियों खासकर वंचित वर्ग के छात्रों के लिए अपने भविष्य को संवारने का सशक्त माध्यम है। लैपटॉप बांटकर सपा सरकार ने अपने विरोधियों की इस धारणा को झूठा साबित कर दिया है कि समाजवादी कम्प्यूटर शिक्षा के खिलाफ हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में बदलाव ला रही है। सूबे में निवेश आकर्षित करने के लिए नई नीतियां बनायी गई हैं। प्रदेश में पहली बार बनी नई सौर ऊर्जा नीति उनकी सरकार की देन है। सपा सरकार ने किसानों का 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज माफ किया गया है। उन्हें नहरों से सिंचाई के लिए मुफ्त पानी दिया जा रहा है। समय से पहले उन्हें खाद-बीज मुहैया कराया गया। सपा सरकार ने बसपा सरकार के कार्यकाल में बंद पड़े तीन मेडिकल कॉलेजों का संचालन शुरू कराया जिससे सूबे में एमबीबीएस की 350 सीटें बढ़ गईं। सड़क, पुल और बिजली जैसे आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं के विकास पर भी सरकार ध्यान दे रही है। गौरतलब है कि पहले चरण में लखनऊ में 10 हजार छात्रों को लैपटॉप बांटे गए थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
