विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चीन से तनातनी और कश्मीर हालात पर संसद में चर्चा का नोटिस देगा विपक्ष

By Manish NegiEdited By:
Published: Fri, 14 Jul 2017 08:41 PM (IST)

विपक्षी पार्टियों के रणनीतिकारों के अनुसार संसद के दोनों सदनों में अलग-अलग नियमों के तहत इन विषयों पर चर्चा के लिए नोटिस दिया जाएगा।

चीन से तनातनी और कश्मीर हालात पर संसद में चर्चा का नोटिस देगा विपक्ष
चीन से तनातनी और कश्मीर हालात पर संसद में चर्चा का नोटिस देगा विपक्ष

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। सरकार ने चीन के साथ सीमा पर जारी तनातनी से लेकर जम्मू-कश्मीर के सुरक्षा हालातों पर सर्वदलीय बैठक के जरिए विपक्षी दलों को भरोसे में लेने की कोशिश जरूर की है। मगर संसद के मानसून सत्र में इन मामलों से निपटने में हुई सरकार की चूकों को उठाने का भी फैसला किया है। विपक्षी पार्टियों ने साफ कर दिया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर वे पूरी तरह से सरकार के साथ हैं। लेकिन इस तथ्य की अनदेखी नहीं की जा सकती कि बीते सालों में चीन की ओर से घुसपैठ की घटनाओं में जहां इजाफा हुआ है। वहीं पाकिस्तान की कश्मीर में आतंकी हरकतें थमने की जगह बढ़ती जा रही हैं।

विपक्षी पार्टियों के रणनीतिकारों के अनुसार संसद के दोनों सदनों में अलग-अलग नियमों के तहत इन विषयों पर चर्चा के लिए नोटिस दिया जाएगा। इस मुद्दे को संसद में गरम करने के लिए कांग्रेस के मैनेजरों के साथ राज्यसभा में नेता विपक्ष गुलाम नबी आजाद माकपा, तृणमूल कांग्रेस, सपा, बसपा और एनसीपी समेत विपक्षी खेमे की सभी पार्टियों से एकजुट रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। संसद का मानसून सत्र 17 जुलाई से शुरू हो रहा है। इसी दिन राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। विपक्षी दलों की कोशिश इसके बाद सत्र के पहले हफ्ते में ही चीन से विवाद और अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमले पर सदन में चर्चा कराने की है।

इस मसले पर कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि देर से ही सही सरकार ने विपक्षी दलों को चीन से सीमा विवाद पर चर्चा के लिए बुलाया। इसमें कांग्रेस पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है और हम पूरी तरह चीन के मसले पर सरकार के साथ हैं। मगर विपक्ष के नाते एक वाच डॉग या प्रहरी के रुप में हैं और जहां सरकार की चूक होगी उसे उठाते हुए सवाल करना हमारा दायित्व है।

जम्मू-कश्मीर के हालात को लेकर भी कांग्रेस संसद में मुखर रुख अपनाएगी। इस मामले में भी विपक्षी खेमे की तमाम पार्टियों को वह एकजुट करेगी। कश्मीर पर इस रणनीति की ताजा वजह अमरनाथ यात्रियों पर आतंकी हमला और उनकी हत्याएं है। सुरजेवाला ने कांग्रेस की इस मामले में आक्रामक रणनीति का साफ संकेत देते हुए कहा कि बीते तीन साल में जम्मू-कश्मीर के हालात बेहद खराब हुए हैं। पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमले लगातार बढ़ रहे हैं और इसके लिए सरकार का निकम्मापन जिम्मेदार है। गुलाम नबी आजाद और जम्मू-कश्मीर से ताल्लुक रखने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा कर्ण सिंह खासतौर पर अमरनाथ यात्रियों पर हमले की घटना को उठाते हुए घाटी में आंतरिक सुरक्षा के गंभीर हालात पर सरकार से सवाल करने की पुख्ता तैयारी कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: चीन के साथ बॉर्डर विवाद पर विपक्ष ने दिया सरकार को भरोसा: पासवान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।