यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 05, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कांग्रेस की नजर में विपक्षी एकजुटता ही वैकल्पिक एजेंडे की बुनियाद
भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन की कोशिश हो, नोटबंदी, गोरक्षकों की उत्पाती हिंसा या भीड़ द्वारा की जा रही हत्या ...और पढ़ें

संजय मिश्र, नई दिल्ली। राष्ट्रपति चुनाव को लेकर नीतीश कुमार की जदयू से हुई खटपट को आगे नहीं बढ़ाने का साफ संकेत दे चुकी कांग्रेस विपक्ष के एजेंडा तय करने के उनके सुझावों पर सकारात्मक पहल करेगी। हालांकि पार्टी का साफ मानना है कि जहां तक देश के एजेंडे का सवाल है तो कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जिसका सभी अहम राष्ट्रीय-अंतराष्ट्रीय मुद्दों पर व्यापक दृष्टिकोण है। साथ ही पार्टी का राष्ट्रीय एजेंडा कभी भी छुपा हुआ नहीं रहा है।
2019 में नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए को चुनौती देने के लिए नीतीश के एजेंडा तय करने की सलाह पर वैसे तो कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने सोमवार को ही साफ संकेत दे दिया था कि कांग्रेस नीतीश की खरी-खरी बातों पर कटाक्ष करने से भी अब परहेज करेगी। मगर अनौपचारिक चर्चा में कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि जदयू प्रमुख की इस बात में दम तो है कि बीते तीन साल में पीएम नरेंद्र मोदी ने ही राजनीतिक एजेंडा तय किया है।
गौरतलब है कि नीतीश ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि विपक्ष देश को अपना एजेंडा देने की बजाय प्रतिक्रिया की सियासत में उलझा हुआ है। पार्टी रणनीतिकारों के अनुसार नीतीश की यह बात अपने परिप्रेक्ष्य में सही हो सकती है। मगर इसका दूसरा पहलू यह है कि सरकार की गलतियों या देश के बुनियादी ढांचे पर चोट करने वाले कदमों पर चुप्पी भी नहीं साधी जा सकती।
मसला चाहे भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन की कोशिश हो, नोटबंदी, गोरक्षकों की उत्पाती हिंसा या भीड़ द्वारा की जा रही जघन्य हत्या जैसे प्रकरणों पर कांग्रेस जैसी राष्ट्रीय पार्टी चुप नहीं रह सकती।
पार्टी रणनीतिकारों के अनुसार इन मुद्दों में भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन और किसानों के आंदोलन के मसले पर विपक्षी दलों को जनता का सकारात्मक समर्थन मिला है। नोटबंदी की जंग बेशक सरकार के पक्ष में गई है लेकिन एक बड़ा वर्ग इस फैसले का दर्द अब भी महसूस कर रहा है।
इस लिहाज से सरकार के नीतिगत फैसलों की आलोचना को केवल प्रतिक्रिया कह कर खारिज करना मुनासिब नहीं होगा। जहां तक नीतीश की देश के समक्ष वैकल्पिक एजेंडा देने की बात है तो बेशक कांग्रेस की इसमें अहम भूमिका है मगर विपक्ष के सभी दलों को एकमंच पर आकर इसे आकार देना होगा।
कांग्रेस के मुताबिक इसके लिए सबसे पहले विपक्षी महागठबंधन के ढांचे को आकार रुप दिये जाने की जरूरत है। राष्ट्रपति चुनाव में जदयू के अलावा विपक्ष की 17 पार्टियां एक मंच पर तो हैं पर अभी इन सभी दलों का जुटान मुद्दों के लिहाज से होता है।