विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 04, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

गडकरी ने बिहार में सड़क निर्माण को तेज करने का दिया भरोसा

By Gunateet OjhaEdited By:
Published: Mon, 04 Sep 2017 09:49 PM (IST)

राज्य में सड़कों व पुलों के निर्माण में धन की कमी का मुद्दा उठाया...

गडकरी ने बिहार में सड़क निर्माण को तेज करने का दिया भरोसा
गडकरी ने बिहार में सड़क निर्माण को तेज करने का दिया भरोसा

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में सड़कों और पुलों के निर्माण में सहयोग का राज्य सरकार को भरोसा दिया है। इस मामले में धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।

सोमवार को बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने गडकरी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहार में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में धन की कमी का मुद्दा उठाया। गडकरी ने उन्हें भरोसा दिया कि बिहार में सड़क निर्माण की रुकावटों को दूर किया जाएगा।

विमर्श के दौरान गडकरी ने कन्हौली से नौबतपुर, लखना, दनियावां, फतुहा, कच्ची दरगाह तक एसएच-78 को पटना आउटर रिंग रोड के रूप में विकसित करने के यादव के अनुरोध पर अपनी सहमति प्रदान की और फोर लेन रिंग रोड बनाने का भरोसा दिया। इसके अलावा दीघा-सोनपुर पुल के समांतर फोर लेन का एक अतिरिक्त पुल भी बनाया जाएगा। कोइलर-बक्सर फोर लेन की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्णय लिया गया कि पहले से प्रस्तावित एलाइनमेंट पर भूमि अधिग्रहण का कार्य पूरा कर इस काम को तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

यादव ने गडकरी ने अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री पैकेज में घोषित सभी परियोजनाओं के कार्यो को तेजी से संपन्न करने के लिए महीने में एक बार पटना में उच्च स्तरीय बैठक होनी चाहिए। इसमें परियोजनाओं से संबंधित विभिन्न अड़चनों, विशेषकर भूमि अधिग्रहण की कठिनाइयों का मौके पर निराकरण किया जाए। गडकरी ने आश्र्वासन दिया कि वे स्वयं पटना आकर सड़क निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

बैठक में कोसी नदी के बलुआहा घाट पर 202 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने तथा भू-अर्जन प्रक्रिया को तेज करने का विषय भी उठाया गया। बैठक में महात्मा गांधी सेतु के समांतर 2400 करोड़ रुपये की लागत से नया फोर लेन पुल बनाने के लिए इसका डीपीआर तैयार करने का निर्णय लिया गया। यादव ने कहा कि आरा-मोहनिया सड़क का निर्माण ट्रिब्यूनल के निर्णय के आधार पर केंद्र सरकार को करना चाहिए। राज्य सरकार इसमें सहयोग करेगी। रजौली-बख्तियारपुर सड़क को फोर लेन किया जाएगा। एनएच-28 पर डुमरिया घाट पुल के निर्माण कार्य का पूरा करने के लिए एनएचएआइ की ओर से शीघ्र निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। एनएचएआइ मुजफ्फरपुर शहर में संपर्क मार्ग के दो किलोमीटर के हिस्से का निर्माण भी शीघ्र करेगा। जबकि बेगूसराय में एनएच-31 पर एलाइनमेंट रोड बनाया जाएगा। गडकरी ने मोकामा पथ को फोर लेन करने पर विचार का आश्र्वासन भी दिया।

यह भी पढ़ेंः मोदी कैबिनेट में महिलाओं का दबदबा, ये हैं नौ ताकतवर चेहरे

यह भी पढ़ेंः शियाओं पर सियासी नजर, इस दांव से विरोधियों का खेल बिगाड़ेगी भाजपा