विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नितेश राणे का गुजरातियों पर वार, कहा छोड़ दें मुंबई

By Edited By:
Published: Fri, 02 Aug 2013 06:37 PM (IST)Updated: Sat, 03 Aug 2013 02:00 PM (IST)

महाराष्ट्र सरकार में उद्योगमंत्री नारायण राणे के पुत्र नितेश राणे भी अब ठाकरे बंधुओं के नक्शेकदम पर चलते दिखाई दे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई [ओमप्रकाश तिवारी]। महाराष्ट्र सरकार में उद्योगमंत्री नारायण राणे के पुत्र नितेश राणे भी अब ठाकरे बंधुओं के नक्शेकदम पर चलते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने मुंबई में रह रहे गुजरातियों को मुंबई छोड़कर जाने को कहा है।

नितेश राणे मुंबई में स्वाभिमान संगठन नामक एक समाजसेवी संस्था चलाते हैं। उन्होंने पहले ट्विटर पर और फिर एक अंग्रेजी अखबार को दिए साक्षात्कार में गुजरातियों को मुंबई छोड़ने की सलाह दी है। गुजरातियों से उनकी चिढ़ के दो कारण हैं। पहला, मुंबई के ज्यादातर गुजरातियों का मोदी समर्थक होना। दूसरा, गुजरातियों का शुद्ध शाकाहारी होना।

नितेश कहते हैं कि गुजराती मुंबई में रहकर पैसा कमाते हैं लेकिन प्रशंसा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उनके विकास मॉडल की करते हैं। ऐसे गुजरातियों को मुंबई छोड़कर गुजरात चले जाना चाहिए। गुजरातियों से नितेश की एक और शिकायत हैं कि मुंबई की गुजराती बहुल हाउसिंग सोसायटियों में मांसाहारी व्यक्तियों को घर नहीं खरीदने दिया जाता। नितेश कहते हैं कि यदि गुजराती जल्दी ही मुंबई छोड़कर नहीं गए तो वे मुंबई को भी गुजरात बना देंगे।

नितेश को अमिताभ बच्चन से भी शिकायत है, क्योंकि वह गुजरात के ब्रांड एंबेसडर हैं। नितेश कहते हैं कि नरेंद्र मोदी को बिग बी सहित सभी गुजरातियों को यहां से ले जाना चाहिए। ताकि मराठी मानुष यहां आराम से घर खरीद कर रह सकें।

नितेश के पिता नारायण राणे आज कांग्रेस पार्टी में हैं, लेकिन वह लंबे समय तक शिवसेना में रहे हैं। एक बार वह शिवसेना-भाजपा सरकार में छह महीने मुख्यमंत्री भी रहे हैं। शिवसेना की स्थापना से पहले एक बार शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे ने गुजरातियों के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। लेकिन उसके बाद अपने जीते जी कभी गुजरातियों के मुंबई छोड़ने की बात उन्होंने नहीं की। अब नितेश के बयान से मुंबई के गुजराती समाज में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

मुंबई की आबादी में गुजराती भाषी 18 फीसद हैं। मुंबई गुजराती समाज के अध्यक्ष एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हेमराज शाह ने नितेश के बयान को संविधान के खिलाफ बताते हुए सरकार से उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग की है। मुंबई के ज्यादातर गुजराती भाषी भाजपा समर्थक माने जाते हैं। इसलिए भाजपा के मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार ने भी आज विधान परिषद में नितेश के बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए उनपर कार्रवाई की मांग की है।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।