यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आइएनएस विशाखापट्टनम: 'बराक 8' मिसाइलों से होगा लैस
भारतीय नौसेना सबसे बड़े युद्दपोत आइएनएस विशाखापट्टनम को सोमवार को लॉंच किया जाएगा। यह जमीन से हवा में मार करने ...और पढ़ें

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना सबसे बड़े युद्दपोत आइएनएस विशाखापट्टनम को सोमवार को लॉंच किया जाएगा। यह जमीन से हवा में मार करने वाली 32 'बराक 8' मिसाइलों से लैस होगा। आईएनएस विशाखापट्टनम में इजरायली ‘मल्टी फंक्शन सर्विलांस थ्रेट अलर्ट रडार’ सिस्टम लगा है।
यह रडार पोत के कंट्रोल रूम में तैनात नेवी अफसरों को हमले के लिए सटीक जानकारी मुहैया कराएगा। इस जंगी जहाज पर एंटी-शिप ब्रह्मोस मिसाइल भी तैनात की जाएंगी। आईएनएस विशाखापट्टनम जहाज का वजन 7,300 टन है और यह भारतीय नौसेना का सबसे बड़ा और आधुनिक जंगी जहाज है।
अन्य खासियतें
-आइएनएस विशाखापट्टनम 127 मिलीमीटर गन से लैस होगा। इसमें एके-630 एंटी मिसाइल गन सिस्टम भी मौजूद रहेगा।
-आइएनएस विशाखापट्टनम का सोनार सिस्टम अलग और अत्याधुनिक होगा। यह धनुष के आकार का है।
-आईएनएस विशाखापट्टनम में क्रू के लिए बेहतरीन सुविधाएं और सुरक्षा होगी और यह न्यूक्लियर, केमिकल और बॉयलॉजिकल हमलों के दौरान अपने क्रू को ज्यादा बेहतर प्रोटेक्शन दे पाएगा।
-आइएनएस विशाखापट्टनम की एक और बड़ी खूबी यह है कि बेहद खराब मौसम के दौरान भी इस पर नौसेना के हेलिकॉप्टर लैंड कर सकेंगे और उन्हें क्षतिग्रस्त होने से भी बचाया जा सकेगा।
-इस युद्धपोत पर शिप डाटा नेटवर्क नाम का एक मैनेजमेंट सिस्टम लगाया जाएगा जो लड़ाई के दौरान एक ही जगह पर सारा डाटा उपलब्ध कराएगा। इसे नेवी इन्फॉर्मेशन हाईवे कह रही है, क्योंकि एक ही जगह बैठकर नेवी के अफसर अपने टारगेट को नष्ट करने की रणनीति बना सकेंगे।
-आइएनएस विशाखापट्टनम 20 अप्रैल को लॉन्च किया जाएगा, लेकिन इसे पूरी तरह तैयार करने के बाद जुलाई 2018 में ही सेना को सौंपा जा सकेगा। इसी क्लास के बाकी तीन युद्धपोतों को हर दो साल के अंतराल पर नेवी को सौंपा जाएगा।
बराक मिसाइल इजरायल की मदद से तैयार
बराक मिसाइल को भारत और इजरायल ने मिलकर तैयार किया है। इसे नेवी के एक और वॉर शिप आइएनएस कोलकाता पर भी तैनात किया जा रहा है। आईएनएस कोलकाता पर तैनात किए जाने से पहले इन मिसाइलों का इसी साल अक्टूबर में फाइनल टेस्ट किया जाएगा।
आइएनएस कोलकाता से अलग
आइएनएस विशाखापट्टनम और आइएनएस कोलकाता, दोनों एक ही क्लास के जंगी जहाज हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों में काफी अंतर है। हालांकि, दोनों में ही यूक्रेन के बने ‘जोरया गैस टर्बाइन्स’ लगे हैं। जबकि आइएनएस कोलकाता में 76 एमएम वाली सुपर रैपिड गन्स लगी हैं।
तैयार किए जा रहे हैं चार जंगी जहाज
आइएनएस विशाखापट्टनम क्लास के चार युद्धपोत नौसेना के लिए तैयार कराए जा रहे हैं और इस प्रोजेक्ट की कुल लागत 29,340 करोड़ रुपए है। तैयार किए जा रहे चार युद्धपोतों में से पहले का नाम आईएनएस विशाखापट्टनम है, जबकि दूसरे और तीसरे का नाम क्रमश: आइएनएस पोरबंदर और आइएनएस मर्मज्ञ है। चौथे पोत के नाम पर विचार किया जा रहा है और इसे राष्ट्रपति तय करेंगे।