विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 24, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुंबई गैंगरेप: तीसरा आरोपी भी हत्थे चढ़ा, दो की तलाश तेज

By Edited By:
Published: Sat, 24 Aug 2013 05:19 AM (IST)Updated: Sat, 24 Aug 2013 10:45 PM (IST)

मुंबई [जागरण संवाददाता]। महिला फोटो पत्रकार के साथ गैंगरेप मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई [जागरण संवाददाता]। महिला फोटो पत्रकार के साथ गैंगरेप मामले में पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस मामले पर उपजे आक्रोश के बीच शनिवार सुबह पुलिस ने विजय जाधव जबकि देर शाम सिराज रहमान नामक आरोपी को धर दबोचा।

पढ़ें: ..ठीक होने पर फिर करूंगी पत्रकारिता

इस बीच, शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए चांद बाबू सत्तार शेख उर्फ मुहम्मद अब्दुल को स्थानीय अदालत ने 30 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अन्य दोनों आरोपियों को रविवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है।

शनिवार तड़के पुलिस को गुरुवार शाम हुए गैंगरेप मामले में एक और आरोपी विजय जाधव को पकड़ने में सफलता मिली। विजय जाधव को घटनास्थल से कुछ ही फर्लाग दूर मदनपुरा के एक पार्लर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस आयुक्त डॉ. सत्यपाल सिंह के अनुसार विजय जाधव ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

इन दोनों की निशानदेही पर देर रात पुलिस ने 25 वर्षीय सिराज रहमान को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया। सत्यपाल सिंह ने दावा किया कि पुलिस जल्द ही बाकी आरोपियों को भी पकड़ लेगी। पहले पकड़े गए अब्दुल को उसके परिवार द्वारा नाबालिग बताए जाने पर सिंह ने कहा कि अभी वह इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे। सभी आरोपियों के पकड़ में आने के बाद वह पांचों आरोपियों के बारे में पूरी जानकारी मीडिया को उपलब्ध कराएंगे। सिंह ने कहा कि पुलिस के पास आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सुबूत हैं और उनके विरुद्ध कोर्ट में ठोस आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार सरकार आरोपियों को सजा दिलवाने के लिए अभियोजन पक्ष के वकील के रूप में मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को नियुक्त करने पर भी विचार कर रही है।

दूसरी ओर शनिवार को मुहम्मद अब्दुल को दादर के भोइवाड़ा कोर्ट में पेश किया गया, जहां अभियोजन पक्ष के वकील नंदगिरी ने फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी एवं पहचान का हवाला देकर अब्दुल के लिए पुलिस हिरासत की मांग की। इसे जज ने आसानी से स्वीकार करते हुए उसे 30 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। अदालत में आरोपी के कटघरे के पास खड़े 19 वर्षीय अब्दुल के चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखाई दे रही थी। कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में जुटे शिवसेना और भाजपा के कार्यकर्ता दुष्कर्म के आरोपियों को फांसी की मांग करते हुए नारेबाजी भी कर रहे थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अब्दुल को पकड़ने में उसे एक 10 वर्षीय बच्चे से मदद मिली। जब पुलिस घटनास्थल शक्ति मिल कंपाउंड के आसपास शुक्रवार की सुबह चक्कर लगा रही थी, तभी उसे उक्त बच्चा कुछ लोगों के नाम पुकारता मिला। पुलिस के पूछने पर उसने बताया कि वह यहां कुछ लोगों को चाय और खाना देने आता है। उसकी निशानदेही पर ही पुलिस अब्दुल तक पहुंचने में कामयाब हुई।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।