यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 02, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बोले मोदी-कांग्रेस ने बनाया स्कैम इंडिया, हम देंगे स्किल इंडिया
लखनऊ [जेएनएन]। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संत कबीर की धरती से कांग्रेस के ...और पढ़ें

लखनऊ [जेएनएन]। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संत कबीर की धरती से कांग्रेस के सफाए की हुंकार भरी। कांग्रेस पर भारत को स्कैम इंडिया बना देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने आह्वान किया कि जनता उनकी मजबूत सरकार बना दे तो वह भारत को स्किल इंडिया बनाकर दिखाएंगे।
संत कबीर नगर एवं बस्ती की जनसभाओं में मोदी उत्साह में दिखे। उन्होंने कांग्रेस पर देश को बर्बाद कर देने का आरोप लगाया। कहा, कांग्रेस की राजनीति भाई को भाई से लड़ाकर राज करने की है, जबकि हमारा संकल्प है जोड़ो और विकास करो। उनकी राजनीति का रास्ता है डिवाइड इंडिया, मोदी का रास्ता है डिजिटल इंडिया ताकि हिन्दुस्तान अपने पैरों पर खड़ा हो सके।
उन्होंने कांग्रेस की धर्मनिरपेक्षता पर प्रहार किया और उसे भाई को भाई से लड़ाकर कुर्सी हासिल करने का जरिया बताया। कहा, कांग्रेस के लिए सेक्युलरिज्म कुर्सी पाने का हथकंडा है। वह कुर्सी के लिए लड़ रही है और मैं आपकी खुशी के लिए। तय आपको करना है कि अपनी खुशी चाहिए या उनकी कुर्सी।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल में एक से एक बढ़कर स्कैम (घोटाले) किए। कुछ भी नहीं छोड़ा। भारत को स्कैम इंडिया बना दिया। उन्होंने स्कैम इंडिया बनाया, मोदी स्किल इंडिया बनाएगा। अपने बारे में सोनिया गांधी की एक टिप्पणी पर मोदी ने कहा कि बीस से पचीस साल के अन्दर हमने किसी सार्वजनिक सभा में मैडम सोनिया गांधी को भगवान का नाम लेते नहीं सुना था। पहली बार उन्होंने कहा है कि भगवान बचाए। अब बार-बार भगवान का नाम ले रही हैं, लेकिन तय हो चुका है कि मां बेटे की सरकार बचने वाली नहीं है।
यूपी में बाप-बेटे की सरकार भी दिल्ली में मां-बेटे की सरकार नहीं बचा सकते। मोदी ने कहा कि मैं दिन-रात एक ही बात सोच रहा हूं कि नौजवानों को रोजगार कैसे दें, यदि देश में रोजगार देना है तो स्किल डेवलपमेंट पर बल देना होगा। हर अंगुली को कोई हुनर सिखाना होगा।
गोंडा एवं बलरामपुर में नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र की मां बेटे की सरकार हो या फिर यूपी में बाप-बेटे, चाचा-भतीजे और बहनजी की सरकार, सबने लूटा है। उन्होंने जनता से तीन सौ कमल मांगते हुए कहा कि ऐसा होने से ही केंद्र में अच्छी व मजबूत सरकार बनेगी।
