विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देश को दीमक की तरह चाट रही कांग्रेस

By Edited By:
Published: Thu, 21 Nov 2013 01:37 PM (IST)Updated: Fri, 22 Nov 2013 03:56 AM (IST)

तमाम आशंकाओं और बहस-मुबाहिसे के बीच बृहस्पतिवार को मुगलों की राजधानी रहे आगरा पहुंचे नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

आगरा, जागरण न्यूज नेटवर्क। तमाम आशंकाओं और बहस-मुबाहिसे के बीच बृहस्पतिवार को मुगलों की राजधानी रहे आगरा पहुंचे नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर एक साथ हमला बोला। कांग्रेस को दीमक की संज्ञा दी तो सपा पर उत्तर प्रदेश के विकास में कोई रुचि न लेने और जनसमस्याओं की अनदेखी का आरोप जड़ा। अपने अंदाज के मुताबिक विशाल जनसमूह से संवाद स्थापित करते हुए मोदी ने वोट बैंक की राजनीति के लिए सपा और बसपा को भी आड़े हाथ लिया। कहा, दोनों दल राजनीति के इस कांग्रेसी तरीके को अपने रंग में रंगकर एक-दूसरे को पीछे छोड़ने में लगे हैं।

बरेली में सपा की लाइव रैली के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार मोदी ने कहा, कांग्रेस दीमक की तरह देश को चाट रही है। उसने अपनी विघटनकारी नीतियों और भ्रष्ट आचरण से देश को बर्बादी के कगार पर खड़ा कर दिया है। जनता भाजपा के हाथ सत्ता सौंपे जिससे वह देश को विकास और समृद्धि के रास्ते पर ले जा सके। कांग्रेस को निशाने पर रखते हुए मोदी ने उसे अहंकारी और मोटी खाल वाला बताया, जो लोगों की अपेक्षाओं की परवाह नहीं करती है। मोदी ने कहा, दिल्ली की कांग्रेस को देश की तरक्की से वास्ता नहीं है। वह देश की तकदीर बदलने में विश्वास नहीं रखती। वह केवल वोट बैंक की राजनीति करती है। उसे जोड़तोड़ की राजनीति में भरोसा रहता है। इसीलिए वह 25 फीसद लोगों को साथ लेकर चलती है और 75 फीसद की अनदेखी करती है। कांग्रेस के विघटनकारी होने को परिभाषित करते हुए मोदी ने कहा, सत्ता के लिए वह इस नीति पर चलती है। स्वतंत्रता के समय सत्ता के लिए कांग्रेस ने देश को तोड़ा। उसने वंदे मातरम्..को बांटा। कश्मीर में अलग कानून की अनुमति दी, ..और उसके बाद पानी, भाषा, उत्तर-दक्षिण और शहरी-ग्रामीण के नाम पर लोगों को बांटा।

सपा-बसपा ने कांग्रेस से चुराई वोट बैंक की राजनीति

वोट बैंक की राजनीति के मामले में सपा और बसपा को कांग्रेस जैसा ही बताते हुए मोदी ने कहा इससे देश जर्जर हो रहा है-उसका नुकसान हो रहा है। देश को विकास की जरूरत है। देश को एकजुट रखते हुए तरक्की की राह पर भाजपा ही ले जा सकती है, इसलिए लोग उसे मजबूत करें। मोदी ने सत्ता में आने पर देश के एक करोड़ युवाओं को रोजगार मुहैया कराने का वादा किया।

खुर्शीद पर परोक्ष प्रहार

केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद का नाम लिए बगैर उन पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा, एक मंत्री और उनके परिवार द्वारा चलाए जा रहे गैर सरकारी संगठन ने 70 लाख रुपये के व्यय में गड़बड़ी की। एक अन्य केंद्रीय मंत्री ने बचाव में आकर सफाई दी, 70 लाख कुछ नहीं होते, अगर मामला 70 करोड़ का होता तो वह विश्वास करते कि गड़बड़ी में केंद्रीय मंत्री शामिल होगा।

आगरा की समस्याओं पर चर्चा

मोदी ने आगरा की पेयजल की समस्या और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा न होने की बात भी उठाई। कहा, प्रदेश सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। विकास से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

बदलाव की जिम्मेदारी युवाओं को उठानी होगी: राजनाथ

आगरा। आगरा की शंखनाद रैली पर मोदी का भाषण खत्म होते ही मंच पर पहुंचे राजनाथ सिंह ने दीन दयाल उपाध्याय और अटल जी की जन्मस्थली के बीच बसे आगरा की जनता को नमन करके अपने भाषण को आरंभ किया। रैली में देर से पहुंचे राजनाथ ने प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए बोला कि सपा और बसपा ने उत्तर प्रदेश को लूटा और कांग्रेस सरकार ने पूरे हिंदुस्तान को लूटा है।

उन्होंने कहा कि यदि मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं तो खेतों में बुवाई से पहले ही फसल की आमदनी तय हो जाएगी। और साथ ही अगर फसल नष्ट हुई तो बीमा कंपनियां फसल का भुगतान देंगी। कांग्रेस ने पूरे विश्व में भारत की छवि खराब कर दी है लेकिन भाजपा छवि सुधारेगी। उन्होंने कहा कि चाइना और पाकिस्तान आंख उठाकर भी भारत की ओर देखने की जुर्रत नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि परिर्वतन की लहर चल चुकी है और इसमें युवाओं की अधिक जिम्मेदारी बनती है। यूपी की 80 में 80 सीटों को भाजपा की झोली में डाल दो।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर