यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मोदी सरकार के मंत्री ने कहा- वंदे मातरम् न गाने वाला राष्ट्रविरोधी नहीं
महाराष्ट्र के लोकनिर्माण मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को कहा कि किसी भी व्यक्ति को 'वंदे मातरम्' गाने या 'भारत माता की जय' बोलने में समस्या नहीं होनी चाहिए।

मुंबई, प्रेट्र । स्कूल-कॉलेजों में वंदे मातरम् की अनिवार्यता को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण व संसदीय कार्य राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि राष्ट्रगीत न गाने से कोई व्यक्ति राष्ट्रविरोधी नहीं हो जाता है। यह व्यक्तिगत पसंद का मामला है, लेकिन इसे जानबूझ कर न गाना देश हित में नहीं है।
वहीं, महाराष्ट्र के लोकनिर्माण मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने शनिवार को कहा कि किसी भी व्यक्ति को 'वंदे मातरम्' गाने या 'भारत माता की जय' बोलने में समस्या नहीं होनी चाहिए।नकवी एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए शनिवार को मुंबई पहुंचे थे। मद्रास हाई कोर्ट ने कुछ दिनों पहले तमिलनाडु के सभी स्कूलों में वंदे मातरम् गाना अनिवार्य कर दिया है। इसको लेकर बहस छिड़ गई है। इस बाबत सवाल पूछने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'वंदे मातरम् गाना व्यक्तिगत मामला है। जो लोग इसे गाना चाहें वे गा सकते हैं, लेकिन जो ऐसा नहीं करना चाहते, वे ऐसा नहीं कर सकते हैं।
वंदे मातरम् नहीं गाने से कोई व्यक्ति राष्ट्रविरोधी नहीं हो जाता है।'महाराष्ट्र विधानसभा में तकरारमद्रास हाई कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा विधायक राज पुरोहित ने शुक्रवार को महाराष्ट्र विधानसभा में सभी स्कूलों और कॉलेजों में वंदे मातरम् गाना अनिवार्य करने की मांग उठाई थी। सपा नेता अबू आसिम आजमी ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि देश से बाहर करने की स्थिति में भी वह वंदे मातरम् नहीं गाएंगे। एआइएमआइएम विधायक वारिस पठान ने कहा था कि उनके सिर पर रिवॉल्वर रख दिया जाए तो भी वह इसे नहीं गाएंगे।
