यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गर्दन की हड्डी टूटने से गई मुंडे की जान: पोस्टमार्टम रिपोर्ट
एम्स ट्रॉमा सेंटर ने केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बंद लिफाफे में दिल्ली पुलिस को सौंप दी है। इसमें मौत का कारण गर्दन की हड्डी [सर्वाइकल स्पाइन] टूटना व आंतरिक अंगों में चोट बताया गया है। लिवर फटने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। एम्स प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस के जांच अधिकारी को बुधवार सुबह सौंप दी गई है। हालांकि पुलिस रिपोर्ट मिलने से इन्कार कर रही है।

नई दिल्ली [राज्य ब्यूरो]। एम्स ट्रॉमा सेंटर ने केंद्रीय मंत्री गोपीनाथ मुंडे के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट बंद लिफाफे में दिल्ली पुलिस को सौंप दी है। इसमें मौत का कारण गर्दन की हड्डी [सर्वाइकल स्पाइन] टूटना व आंतरिक अंगों में चोट बताया गया है। लिवर फटने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। एम्स प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस के जांच अधिकारी को बुधवार सुबह सौंप दी गई है। हालांकि पुलिस रिपोर्ट मिलने से इन्कार कर रही है।
तीन पन्ने की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो लाइन में मौत का कारण बताया गया है। इसमें कहा गया है कि गर्दन की सी1 व सी2 हड्डी टूट गई थी। इसके अलावा रीढ़ की हड्डी में भी चोट पहुंची थी। अंदरूनी चोट के कारण लिवर कई जगह फट गया था। इस वजह से पेट के अंदर डेढ़ से दो लीटर रक्तस्राव हुआ था। इसके अलावा कई अन्य अंगों में भी चोट लगी थी। सिर्फ लिवर फटने से उनकी तुरंत मौत नहीं होती। गर्दन की हड्डी टूटने से ही उनकी जान गई।
गर्दन में पहले भी लगी थी चोट
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान मंच से गिरने के चलते मुंडे की गर्दन में पहले भी चोट लग चुकी है। इसके चलते गर्दन में झटका लगने से सी1 व सी2 हड्डी टूट गई। सी1 व सी2 सिर व रीढ़ की हड्डी से जुड़े होते हैं। इनके टूटने से सांस बंद हो जाती है। इसके कारण दिमाग में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है और तुरंत इंसान की मौत हो जाती है।