विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 12, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

रेप को जायज कर देंगे मुलायम : अमर सिंह

By Edited By:
Published: Sat, 12 Apr 2014 12:28 AM (GMT+05:30)Updated: Sat, 12 Apr 2014 07:17 AM (GMT+05:30)

वाक्पटुता में माहिर सियासत के पुराने खिलाड़ी अमर सिंह शुक्रवार को अलग अंदाज में नजर आए। कभी अपनी अंगुली के इशारे पर सपा को चलाने वाले अमर सिंह ने जुबां से सपा को खूब उलटा-पलटा। अलगाव के बाद भी मुलायम सिंह के लिए सीधी टिप्पणी करने का परहेज अमर सिंह ने तोड़ दिया। शमसाबाद की सभा में हमला करते हुए

News Article Hero Image

आगरा [जासं]। वाक्पटुता में माहिर सियासत के पुराने खिलाड़ी अमर सिंह शुक्रवार को अलग अंदाज में नजर आए। कभी अपनी अंगुली के इशारे पर सपा को चलाने वाले अमर सिंह ने जुबां से सपा को खूब उलटा-पलटा। अलगाव के बाद भी मुलायम सिंह के लिए सीधी टिप्पणी करने का परहेज अमर सिंह ने तोड़ दिया। शमसाबाद की सभा में हमला करते हुए कह दिया कि मुलायम सिंह का वश चले, तो रेप को भी जायज कर दें।

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र से रालोद, कांग्रेस व महान दल के संयुक्त प्रत्याशी अमर सिंह के समर्थन में महान दल ने शुक्रवार को शमसाबाद में सभा की।

सिंह ने सबसे ज्यादा आड़े हाथों सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह को ही लिया। गुरुवार को दुष्कर्मियों को फांसी की सजा के संबंध में मुलायम सिंह द्वारा दिए गए बयान पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। कहा कि मुलायम सिंह ने बयान दिया है कि लड़के हैं, मन मचल जाता है। वह कहते हैं रेप को जायज कर देंगे। अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह ऐसा बयान पहले भी दे चुके हैं। उन्होंने दुष्कर्म पीड़िताओं को नौकरी और मुआवजे की बात कही थी। मतलब नौकरी के लिए योग्यता नहीं चाहिए। लड़की पहले दुष्कर्म कराए, फिर डॉक्टर से उसका सर्टिफिकेट लाए।

इसके अलावा उन्होंने प्रतिद्वंद्वियों पर भी खूब प्रहार किए। एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी चौ. बाबूलाल को कविता प्रेमी बताते हुए खुद काव्यात्मक लहजे में कविता सुना डाली। वहीं, सड़क की बातें कर सीमा को घेरा। उन्होंने कहा कि सीमा उपाध्याय सांसद हैं, लेकिन सड़कों का हाल देख लो। सपा प्रत्याशी पक्षालिका सिंह के पति कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह पहले परिवहन मंत्री थे, अब बना दिए गए डाक मंत्री। वह अपना वजूद नहीं बचा सकते, तो जनता का क्या भला करेंगे।

अमर सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह ने बीस साल पुराने वफादार को दूध में से मक्खी की तरह निकालकर फेंक दिया। लोहिया जी के सिद्धांतों के विपरीत उन राजा को खड़ा कर दिया, जो बीस साल भाजपा में रहे। यदि यह राजनीति है, तो मुझे नहीं करनी। सपा केपरिवारवाद पर भी हमला किया। बोले कि लोहिया जी कहते थे कि मेरी पार्टी ही मेरा परिवार है, लेकिन मुलायम सिंह कहते हैं कि मेरा परिवार ही मेरी पार्टी है। इस परिवार में लड़का जवान होते ही उसके लिए सीट तलाशी जाती है। याद रखें कि मेरा चिन्ह हैंडपंप है। प्रेसवार्ता में उन्होंने सपा को वोटकटवा पार्टी की भी संज्ञा दी। मायावती और मोदी पर भी निशाना साधा।

कुछ नेताओं को लगा मैं उन्हें पजेरो दूंगा

रालोद छोड़कर कुछ नेता सपा में शामिल हो गए हैं। इस पर किसी का नाम लिए बिना अमर सिंह बोले- मैं चुनाव लड़ने आया तो कुछ नेताओं को लगा कि मैं पैसा और पजेरो दूंगा। उन्होंने मेरा स्वागत किया, तो फूल माला के खर्च का ब्योरा भी मेरे सामने रख दिया। ऐसे नेताओं को चिन्हित कर लिया गया था। अगर यह राजनीति है, तो मुझे नहीं करनी।

महान दल अध्यक्ष ने माया के लिए उगला जहर

महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवदेव मौर्य ने बसपा सुप्रीमो के लिए काफी तल्ख टिप्पणी की। कहा कि बसपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य कहते हैं कि बहनजी ने कुशवाह समाज के लिए बहुत कुछ किया है, इसलिए वोट नहीं, खून दो। मौर्य बताएं, क्या मायावती नरपिशाच या राक्षसी हैं।

पढ़ें : मुलायम के लिए फिर दिखा अमर प्रेम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।