मुलायम बोले, गुजरात माडल धोखा, मोदी हैं विनाशकारी
जेएनएन, कानपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने गुजरात माडल को धोखा बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी विनाशकारी है। उन्होंने कहा कि कत्लेआम कराने वाला कभी देश नहीं चला पाएगा। दुष्कर्म में फांसी की सजा पर मुलायम होने के मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा मुलायम को सुधारने वाले खुद सुधर जाते हैं। इटावा के
जेएनएन, कानपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने गुजरात माडल को धोखा बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी विनाशकारी है। उन्होंने कहा कि कत्लेआम कराने वाला कभी देश नहीं चला पाएगा। दुष्कर्म में फांसी की सजा पर मुलायम होने के मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा मुलायम को सुधारने वाले खुद सुधर जाते हैं।
इटावा के नुमाइश मैदान में चुनावी सभा में उन्होंने महंगाई, मनमानी, तानाशाही व भ्रष्टाचार के लिए कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को दोषी ठहराते हुए कहा कि संसद में सपा ने जन विरोधी नीतियों का सदैव विरोध किया। सपा को मुसलमानों का सच्चा हितैषी बताते हुए उन्होंने कहा कि 80 फीसद दस्तकारी मुसलमानों के हाथ में हैं। इसके बावजूद वे महंगाई व भ्रष्टाचार से त्रस्त है। व्यापारियों को लुभाते हुए कहा कि किसानों की भांति इनका भी कर्जा माफ होगा। किसानों की सिंचाई मुफ्त व कर्ज होने पर उसकी भूमि नीलाम नहीं होने दी जाएगी और सेवानिवृत्ति की उम्र 65 साल होगी। उन्होंने इटावा वालों को सम्मान का वास्ता देते हुए कहा कि पूरा जिला परिवार है। यहां सपा हारी तो सम्मान को धक्का लगेगा, इसलिए अपने सम्मान व स्वाभिमान के लिए सपा को जिताएं।
औरैया के पुराने नुमाइश मैदान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले ही हथियार डाल दिए हैं। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) कहीं है नहीं, उनकी सीधी लड़ाई भाजपा से है। उन्होंने आजम खां पर पाबंदी लगाने को लेकर चुनाव आयोग पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि जब अमित शाह को छूट मिल सकती है तो आजम को क्यों नहीं।
उन्होंने कहा कि दहेज उत्पीड़न, एससीएसटी एक्ट व दुष्कर्म से जुड़े कानून का सरकार आने पर दुरुपयोग रोकेंगे। झूठी रिपोर्ट लिखाने वालों पर कार्रवाई का प्रावधान होगा।
फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद की सभा में सपा मुखिया ने कहा कि गुजरात में केवल 26 लोकसभा सीटें हैं और उत्तर प्रदेश में अस्सी। इसीलिए मोदी उत्तर प्रदेश पर नजर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गलत आंकड़े देकर कांग्रेस गरीबों का मजाक उड़ा रही है। उन्होंने सवाल भी किया कि भला गांव में 28 व शहर में 33 रुपये में किसी परिवार की एक दिन गुजर हो सकती है? कानपुर देहात के अकबरपुर में आरएस गौर डिग्री कालेज में चुनावी सभा में मुलायम ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में किसी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिल रहा है। सपा के सहयोग के बिना केंद्र में सरकार नहीं बनेगी। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं की उच्च शिक्षा के लिए हाईस्कूल उत्तीर्ण छात्रा को 20 हजार, इंटर उत्तीर्ण छात्रा को 30 हजार रुपये कन्या विद्याधन भी दिलाए जाने की बात कही। वह अकबरपुर संसदीय क्षेत्र के सपा प्रत्याशी लाल सिंह तोमर के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मौसम ने रोके नेताजी के कदम
कानपुर देहात। अकबरपुर में चुनावी सभा के बाद मौसम ने नेताजी के कदम रोक दिए।
औरैया जाने के लिए खराब मौसम के कारण हेलीकाप्टर के उड़ान न भर जाने से हेलीपैड पर कार में बैठकर सपा प्रमुख को पौन घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
करीब 43 मिनट बाद हवा का रुख ठीक होने पर नेताजी को लेकर हेलीकाप्टर ने औरैया के लिए उड़ान भरी।