खरगे के बयान पर मचा घमासान: भाजपा बोली- 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे', कांग्रेस ने मीम्स से दिया जवाब
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ मल्लिकार्जुन खरगे की 'बाप' टिप्पणी पर भाजपा और कांग्रेस इंटरनेट मीडिया पर भिड़ गए।
-1793126680069_m.webp)
खरगे की टिप्पणी पर भाजपा-कांग्रेस में टकराव

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित 'बाप' वाली टिप्पणी को लेकर मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर भाजपा और कांग्रेस भिड़ गए। दोनों दलों ने एक-दूसरे के विरुद्ध वीडियो, ग्राफिक्स और एआई से तैयार सामग्री साझा की।
भाजपा ने एक्स और इंस्टाग्राम पर कहा, 'भाई, मोदी कहीं नहीं जाएंगे।' कांग्रेस की कुछ प्रदेश इकाइयों ने खरगे की टिप्पणी का समर्थन करते हुए कहा कि उन्होंने ‘बाप’ किसे कहा था, इसका अंदाजा कोई भी लगा सकता है।
खरगे की 'बाप' टिप्पणी पर भाजपा-कांग्रेस में टकराव
भाजपा ने कई पोस्ट में कहा, 'गालियां देने वाले थक जाएंगे, लेकिन जनता का भरोसा नहीं डिगेगा! मोदी कहीं नहीं जाएंगे।' इसी हैशटैग से पार्टी ने एक पोस्ट में कहा, 'राष्ट्रविरोधी तत्वों को इसकी तपिश महसूस होना तय है! उन्होंने लोगों के दिलों में जगह बनाई है और वह कहीं नहीं जा रहे।'
भाजपा ने कांग्रेस, राहुल गांधी और खरगे को संबोधित 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे, भाई' शीर्षक से दो हिस्सों वाला ग्राफिक भी पोस्ट किया। इसमें कहा गया, 'मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री चुने गए हैं और उन्हें हमारे वोट मिले हैं।
तुम्हारे आका को यह कभी नहीं मिलेगा।' एक अन्य संदेश में भाजपा ने कहा, 'विपक्ष की गालियां, प्रधानमंत्री मोदी का विकास... विकसित भारत का कमल लगातार खिल रहा है!'
भाजपा ने 'मोदी कहीं नहीं जाएंगे' हैशटैग चलाया
भाजपा ने खरगे की टिप्पणी के विरुद्ध देशभर में हुए प्रदर्शनों के वीडियो भी साझा किए। साथ ही चुनावी हार के बाद चुनावी संस्थाओं पर आरोप लगाने को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस को निशाना बनाते हुए एक रील भी पोस्ट की।
वीडियो में कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनाव जीतने पर वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को स्वीकार करती है, लेकिन हारने पर ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआइआर को दोष देती है। जब एसआईआर विवाद का विषय नहीं था, तब भी कांग्रेस चुनाव हारती रही।
पार्टी ने 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' हैशटैग के साथ पोस्ट में कहा, 'संस्थाओं को दोष देने और बहाने बदलने से सच्चाई नहीं बदलेगी।'
साथ ही खरगे की टिप्पणी वाले वीडियो के साथ संसद में मोदी के उस भाषण की क्लिप साझा की, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल चुनाव जीते बिना सत्ता हथियाना चाहते हैं।
कांग्रेस ने एआई सामग्री से भाजपा पर साधा निशाना
कांग्रेस ने भी ग्राफिक्स और एआइ से निर्मित सामग्री के जरिये भाजपा पर निशाना साधा। महाराष्ट्र कांग्रेस ने एक्स पर एक कार्टून पोस्ट किया। इसमें उद्योगपति गौतम अदाणी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ खरगे की तस्वीर थी।
उस पर मराठी में लिखा था, 'खरगे किसकी बात कर रहे थे? कमेंट में जरूर बताइए।' एक पोस्ट में पार्टी ने मोदी का कार्टून साझा किया, जिसमें वह नाचते दिख रहे हैं और ट्रंप व इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ताली बजा रहे हैं। तस्वीर पर लिखा था, 'मोदी इजरायल क्यों जाएंगे?' तस्वीर पर 'एआइ निर्मित' का लेबल लगा था।
कांग्रेस ने अपने हैंडल पर राहुल गांधी का एक वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर 'वोट चोरी' में शामिल होने का आरोप लगाया।
राहुल ने कहा कि पार्टी ने सबके सामने सुबूत रख दिए हैं और वे कहीं भाग नहीं सकते। एक अन्य पोस्ट में कांग्रेस ने खरगे की क्लिप साझा की, जिसमें उन्होंने बंगाल, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र की सरकारों पर चोरी का आरोप लगाया। खरगे ने कहा कि पार्टी जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराएगी, उन्हें बेनकाब करेगी और जेल भेजेगी।
