विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खरगे के बयान पर कांग्रेस में फूट, पृथ्वीराज चव्हाण ने बताया भूल; एकनाथ शिंदे बोले- पार्टी से निकालो

Published: Tue, 27 Oct 2026 11:24 PM (IST)

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण का समर्थन किया है।

खरगे के बयान पर कांग्रेस में फूट।

खरगे के बयान पर कांग्रेस में फूट।

HighLights

  1. शिंदे ने खरगे के बयान पर चव्हाण का समर्थन किया।

  2. खरगे को कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग की।

  3. चव्हाण ने खरगे के बयान को एक बड़ी भूल बताया।

राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर अपनी ही पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की आलोचना करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण का समर्थन किया है।

शिंदे ने कहा कि यदि खरगे का बयान गलत था, तो उन्हें कांग्रेस से निष्कासित कर देना चाहिए। उन्होंने चव्हाण को समझदार नेता बताते हुए कहा कि वह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और उनकी बात को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने कहा कि पृथ्वीराज चव्हाण ने खरगे के बयान पर सही सवाल उठाए हैं। यदि कांग्रेस अध्यक्ष ने गलत बयान दिया है, तो पार्टी को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। शिंदे ने कहा कि खरगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बेहद निंदनीय आरोप लगाते हैं। उन्हें इस तरह की बयानबाजी पर शर्म आनी चाहिए।

शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को आगे ले जा रहे हैं और गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं। यही बात विपक्ष को परेशान कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर सत्ता के लिए बेचैन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी स्थिति पानी के बिना मछली जैसी हो गई है।

शिंदे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के भीतर और विदेशों में प्रधानमंत्री की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं।

शिंदे के अनुसार, कांग्रेस देश में अराजकता और अस्थिरता पैदा करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भारत को बांग्लादेश, नेपाल या श्रीलंका जैसी स्थिति में ले जाना चाहता है। हालांकि, शिंदे ने कहा कि भारत इन देशों से अलग है और आज का भारत मजबूत है।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भारतीय सैनिक पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देते हैं। शिंदे ने चेतावनी दी कि देश को तोड़ने की मंशा रखने वालों को 140 करोड़ भारतीय सबक सिखाएंगे।

पृथ्वीराज चव्हाण ने खरगे के बयान को गलत बताया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने अपनी ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान का विरोध किया और इसे एक भूल बताया है। पृथ्वीराज चव्हाण ने साफ तौर पर कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर टिप्पणी करके गलती की है।

चव्हाण ने कहा कि खरगे को अपने इस विवादित बयान पर स्पष्टीकरण देना चाहिए था। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक विरोध चाहे कितना भी हो, नेताओं को हमेशा भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। चव्हाण ने कहा कि किसी नेता का पद या कद कितना भी वरिष्ठ क्यों न हो, वह उसे भाषा की मर्यादा और शालीनता से समझौता करने का अधिकार नहीं देता है।